जनहित के कार्यों में लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
पेयजल, प्रधानमंत्री आवास और ग्रामीण रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए कड़े निर्देश
रायपुर, 08 मई – मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में आज सूरजपुर जिले के जिला पंचायत सभागार में सूरजपुर, कोरिया और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिलों की संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री ने शासन की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की गहन समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए। जिन हैंडपंपों की मरम्मत की आवश्यकता है, उन्हें 10 दिनों के भीतर ठीक कराया जाए। इसके लिए राइजिंग पाइप का विस्तार कर मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री साय ने राजस्व विभाग के कार्यों की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित राजस्व प्रकरणों का त्वरित निराकरण किया जाए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को अधिकार अभिलेख समयबद्ध रूप से वितरित किए जाएं। उन्होंने अविवादित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन एवं नक्शा बंटांकन जैसे मामलों को भी शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनहित के कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और योजनाओं का लाभ जनता तक समय पर पहुंचे, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।