Chhattisgarh, City News, Government Schemes, National News, News, State News

राज्य सरकार की जनहित योजनाएं प्रभावी ढंग से हो रही लागू : किरण देव

सुशासन तिहार 2025: चिंगपाल में समाधान शिविर, 2993 में से 2964 प्रकरणों का हुआ निराकरण

जगदलपुर, 08 मई – बस्तर जिले के विकासखंड दरभा अंतर्गत ग्राम पंचायत चिंगपाल में गुरुवार को सुशासन तिहार 2025 के तहत समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में चिंगपाल सहित कुल 9 ग्राम पंचायतों – गाड़मगुड़ा, केशापुर, ककनार, महाकापाल, छिंदबहार, कोयनार, सेड़वा और लेंड्रा – को सम्मिलित किया गया।

शिविर में कुल 2993 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2964 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया, जबकि 29 आवेदन लंबित हैं। समाधान शिविर में सर्वाधिक आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग को प्राप्त हुए। ग्रामीणों की समस्याओं को त्वरित हल देने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

चिंगपाल समाधान शिविर में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार सुशासन तिहार के तहत आवेदनों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विकास कार्यों को तेजी से सुनिश्चित कर रही है और समाज के हर वर्ग को शासन की योजनाओं से लाभान्वित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

उन्होंने धान खरीदी, महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता संग्रहण पर 5500 रुपये मानक बोरा, भूमिहीन कृषक मजदूरों की सहायता राशि, राशन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण कार्यों के क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने का उल्लेख किया।

सांसद कश्यप ने शिविर में अधिकारियों से कहा कि ग्रामीणों की छोटी-छोटी समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए, ताकि सभी का समस्या का समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण देव ने कहा कि हमारी सरकार की प्राथमिकता सुशासन है और इसे सुनिश्चित करने के लिए सुशासन तिहार के माध्यम से सीधे ग्रामीणों से संवाद किया जा रहा है। इस पहल के तहत, मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्री आम जनता से सीधे मिलकर उनकी समस्याओं और मांगों का समाधान करने के लिए कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि शासन के हर विभाग के अधिकारी ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, कृषकों और बुजुर्गों की समस्याओं को लेकर सजग होकर काम कर रहे हैं। सुशासन तिहार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सबसे अधिक आवेदन आ रहे हैं, ताकि हर गरीब व्यक्ति का आवास का सपना पूरा किया जा सके।

किरण देव ने यह भी कहा कि समाधान शिविर में 38 विभागों के अधिकारी जनता तक पहुंच रहे हैं ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें मिल सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पंच और सरपंचों को विकास की गति बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने की आवश्यकता पर जोर दिया। सरकार सुशासन तिहार के माध्यम से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह से तत्पर है।

इस दौरान विधायक श्री देव ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अन्न प्रासन कार्यक्रम के तहत बच्चों को अन्नप्राशन कराया। कार्यक्रम में सांसद और विधायक ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। इसके अलावा, विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितग्राहियों को सामाग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष श्रीमती मानदई कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष हरिप्रसाद, विद्यासरण तिवारी, जनपद सदस्यगण, सरपंचगण सहित अन्य पंचायत पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *