Chhattisgarh, City News, State News

मुंगेली पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 24 घंटे में चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अज्ञात चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी गई विद्युत सामग्री बरामद करते हुए एक कबाड़ी खरीददार सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में यह मामला दर्ज किया गया था। एस.टी. इलेक्ट्रिकल्स प्राइवेट लिमिटेड, मुंगेली में स्टोर इंचार्ज के पद पर कार्यरत सौरभ श्रीवास (26 वर्ष) ने 13 जनवरी 2026 को स्टॉक जांच के दौरान कंपनी की विद्युत सामग्री गायब होने की शिकायत दर्ज कराई थी।

करीब 1.38 लाख रुपये की चोरी

जांच में सामने आया कि कंपनी से व्ही-क्रॉस आर्म, स्टे वायर, जीआई तार, अर्थिंग क्वायल, नट-बोल्ट, स्टे क्लैम्प सहित अन्य विद्युत सामग्री चोरी हुई थी। चोरी गई सामग्री की कुल कीमत लगभग 1 लाख 38 हजार 774 रुपये आंकी गई है।

कबाड़ी दुकान तक पहुंची पुलिस

विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की गई सामग्री गडगडिया नाला के पास स्थित एक कबाड़ी दुकान में बेची गई है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कबाड़ी दुकानदार असगर खान से पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि 11 जनवरी 2026 को कंपनी के ही दो कर्मचारी तामरज साहू और भुनेश्वर साहू उसके पास करीब 12.55 क्विंटल लोहे की सामग्री बेचने आए थे, जिसके बदले उसने उन्हें 25,100 रुपये नकद भुगतान किया था।

तीनों आरोपी गिरफ्तारपुलिस ने मौके से चोरी की गई विद्युत सामग्री जब्त की। पूछताछ के दौरान आरोपियों के पास से चोरी की रकम में से 2,000 रुपये भुनेश्वर साहू और 4,600 रुपये तामरज साहू से बरामद किए गए। मामले में संलिप्त पाए जाने पर पुलिस ने कबाड़ी दुकानदार असगर खान सहित तीनों आरोपियों को 14 जनवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच विधिसम्मत रूप से पूरी की जा रही है और आगे भी इस तरह की घटनाओं पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *