बेमेतरा में गणतंत्र दिवस जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
बेमेतरा। 26 जनवरी को आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस के जिला स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने बेमेतरा के बेसिक ग्राउंड में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का गहन निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परेड, झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, मंच व्यवस्था, ध्वजारोहण, अतिथि स्वागत, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, स्वच्छता, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक पहलुओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से ली। उन्होंने अधिकारियों को समारोह की गरिमा और अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ममगाई ने परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नियमित रिहर्सल सुनिश्चित करने, मंच एवं मैदान की आकर्षक सजावट, सुदृढ़ ध्वनि व प्रकाश व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। पुलिस एवं होमगार्ड विभाग को सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने, स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा नगर पालिका को साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण पर विशेष जोर देने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों, विद्यार्थियों एवं अतिथियों की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को उनके दायित्व सौंपते हुए आपसी समन्वय से कार्य करने और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी।