बीजापुर में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता, शीर्ष नक्सली नेता दिलीप बेदजा सहित चार माओवादी ढेर
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ में शीर्ष नक्सली नेता दिलीप बेदजा समेत चार माओवादियों को मार गिराया है। मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने चारों के शवों के साथ दो एके-47 राइफलें सहित अन्य हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। राज्य में जनवरी माह में अब तक कुल 18 नक्सली मारे जा चुके हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इलाके में नक्सली कमांडर पापा राव और डिविजनल कमेटी सदस्य दिलीप बेदजा की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिलने के बाद नक्सल विरोधी अभियान शुरू किया गया था। इसी अभियान के दौरान शनिवार सुबह जिले के उत्तर-पश्चिमी क्षेत्र की जंगली और पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।
इस संयुक्त अभियान में पुलिस की विशेष टास्क फोर्स (STF), जिला रिजर्व गार्ड (DRG) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे। मुठभेड़ में मारे गए अन्य नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस ने बताया कि दिलीप बेदजा नेशनल पार्क एरिया कमेटी में सक्रिय था और कई नक्सली हिंसक घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 3 जनवरी को बीजापुर सहित बस्तर संभाग के सात जिलों में हुई दो अलग-अलग मुठभेड़ों में 14 नक्सलियों को ढेर किया गया था। वहीं, वर्ष 2025 में छत्तीसगढ़ में कुल 285 नक्सली मारे गए थे।