क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर 1.35 करोड़ की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग में अधिक मुनाफा व मासिक ब्याज दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को रायपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 26 लोगों से करीब 1 करोड़ 35 लाख रुपये की ठगी की थी और वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया था।
पंडरी थाना क्षेत्र निवासी अमित दास की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था। शिकायत के अनुसार वर्ष 2021-22 के दौरान आरोपी कुलदीप भतपहरी ने खुद को शेयर मार्केट, आईपीओ और निवेश सलाहकार बताते हुए अमित दास और उसके भाई से निवेश के नाम पर ऑनलाइन और नकद माध्यम से 15.60 लाख रुपये लिए थे। शुरुआती कुछ महीनों तक आरोपी ने ब्याज के रूप में रकम लौटाई, जिससे भरोसा बना रहा, लेकिन दिसंबर 2024 के बाद वह अचानक फरार हो गया।
तकनीकी जांच के बाद गिरफ्तारी
मामले की जांच एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और पंडरी थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र के माध्यम से आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने इसी तरीके से कुल 26 लोगों से 1.35 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक कंप्यूटर सिस्टम, एक लैपटॉप और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। आरोपी के खिलाफ पंडरी थाना में धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इससे पहले भी इसी तरह की ठगी के मामले में टिकरापारा थाना से जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर अन्य पीड़ितों की जानकारी और ठगी की रकम के इस्तेमाल के संबंध में विस्तृत जांच कर रही है।