रायपुर में कारोबारी से 11.51 करोड़ की ठगी, बंधक जमीन बेचकर धोखाधड़ी का आरोप
रायपुर। राजधानी रायपुर के सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से 11 करोड़ 51 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सरस्वती नगर इलाके में रहने वाले कारोबारी विकास कुमार गोयल ने आरोप लगाया है कि उनकी बंधक जमीन की बिक्री का सौदा कर आरोपियों ने उनसे करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की।
पीड़ित कारोबारी के अनुसार, हाईटेक एब्रोसेव प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े डायरेक्टर, प्रमोटर शेयरहोल्डर और एक प्रॉपर्टी ब्रोकर ने मिलकर उनकी बंधक जमीन बेचने का सौदा किया और 11.51 करोड़ रुपये ले लिए। तय समय पर रकम वापस नहीं की गई और अब आरोपी फोन भी नहीं उठा रहे हैं।
शिकायत के आधार पर सरस्वती नगर पुलिस ने चार आरोपियों—विकास कुमार गोयल, नारायण प्रसाद, राघवेंद्र चंद और नीना जैन—के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने इस केस को ‘सेंसिटिव मोड’ में रखा है, जिसके चलते एफआईआर की पूरी जानकारी ऑनलाइन सार्वजनिक नहीं की गई है।
आजाद चौक सीएसपी ईशू अग्रवाल ने मामले में शिकायत मिलने और केस दर्ज होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ जांच की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।
गौरतलब है कि आमतौर पर दुष्कर्म और बच्चों से जुड़े मामलों में एफआईआर को सेंसिटिव मोड में रखने का प्रावधान है, लेकिन इस मामले में करोड़ों की ठगी से जुड़े हाईप्रोफाइल आरोपियों के नाम सार्वजनिक न होने को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।