Chhattisgarh, State News

बिलासपुर में सड़क ठेकेदार बीआर गोयल के ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड, इंदौर में भी कार्रवाई

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सड़क ठेकेदार बीआर गोयल से जुड़ी कंपनी के ठिकानों पर आयकर विभाग ने शुक्रवार सुबह छापेमारी की। आयकर की टीम पाराघाट टोल प्लाजा स्थित टोल ऑफिस पहुंची, जहां तीन अलग-अलग गाड़ियों में आए अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच शुरू की और संबंधित लोगों से पूछताछ की।

सूत्रों के मुताबिक, इसी कार्रवाई के तहत मध्यप्रदेश के इंदौर में भी कंपनी के अलग-अलग ठिकानों पर छापा मारा गया है। सपना-संगीता रोड स्थित कंपनी कार्यालय और कंपनी के डायरेक्टर के निवास पर आयकर विभाग की टीम जांच कर रही है। कार्रवाई के दौरान कागजी दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल डेटा की भी गहन जांच की जा रही है।

आयकर विभाग को कंपनी के कामकाज, बड़े पैमाने पर हुए वित्तीय लेन-देन और संभावित टैक्स गड़बड़ियों से जुड़ी सूचनाएं मिली थीं। इन्हीं इनपुट्स के आधार पर यह छापेमारी की गई है।

जानकारी के अनुसार बीआर गोयल इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड सड़क, राजमार्ग, पुल और इमारतों के निर्माण के साथ-साथ आरएमसी (रेडी मिक्स कॉन्क्रीट) की आपूर्ति, टोल कलेक्शन और आवासीय परियोजनाओं का संचालन करती है। कंपनी देशभर में विभिन्न इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में सक्रिय है।

बीआर गोयल इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड इंदौर की प्रमुख निर्माण एवं इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों में शामिल है। इसकी स्थापना वर्ष 1986 में हुई थी। वर्ष 2005 में कंपनी प्राइवेट लिमिटेड बनी और बाद में इसे पब्लिक लिमिटेड कंपनी में परिवर्तित किया गया।

एक महीने पहले भी हुई थी बड़ी कार्रवाई
गौरतलब है कि इससे पहले 4 दिसंबर 2025 को आयकर विभाग ने छत्तीसगढ़ में आयरन-स्टील कारोबारियों और उनसे जुड़े लोगों के 45 ठिकानों पर छापेमारी की थी। रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और रायगढ़ में चार दिन तक चली इस कार्रवाई में करीब 300 करोड़ रुपये से अधिक की टैक्स चोरी के संदेह में जांच की गई थी। इस अभियान में आयकर विभाग के करीब 200 अधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *