बस्तर ब्लॉक में 3.46 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण, वन मंत्री केदार कश्यप ने रखी आधारशिला
बस्तर। छत्तीसगढ़ के बस्तर ब्लॉक में विकास कार्यों को गति देते हुए वन मंत्री केदार कश्यप ने कुल 3 करोड़ 46 लाख 28 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इनमें 3 करोड़ 25 लाख 28 हजार रुपये की लागत से होने वाले नए कार्यों का भूमिपूजन और 21 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इस अवसर पर जल संसाधन विभाग के अंतर्गत तुरपुरा जलाशय के जीर्णोद्धार कार्य का भूमिपूजन किया गया। लगभग 2 करोड़ 95 लाख 28 हजार रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य में जलाशय बांध के ऊपर गिट्टी कार्य, नवीन स्लूस निर्माण, वेस्ट वियर कार्य, नहर लाइनिंग और विभिन्न स्ट्रक्चर का निर्माण शामिल है। प्रशासन का दावा है कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र की सिंचाई क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगा बल
ग्रामीण क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कोटगढ़ में 20 लाख रुपये की लागत से नवीन पंचायत भवन, मुंडागुड़ा में 5 लाख रुपये की लागत से रंगमंच निर्माण और केशरपाल में उसरीगुड़ा से नहरनी पहुंच मार्ग पर 5 लाख रुपये की लागत से पुलिया निर्माण का भी भूमिपूजन किया गया।
21 लाख की लागत से बनी सड़कों का लोकार्पण
वन मंत्री केदार कश्यप ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्रामीणों के आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से 21 लाख रुपये की लागत से निर्मित पक्की सड़कों का लोकार्पण किया। इनमें कुम्हली में मंगियापारा से मुख्य मार्ग तक, केशरपाल (सोरगांव) में हिरा घर से भागमन घर तक और सोलेमेटा में अक्षय घर से पंचू घर तक निर्मित तीन अलग-अलग सीसी सड़कें शामिल हैं, जिनमें प्रत्येक सड़क की लागत 7 लाख रुपये है।
इस मौके पर वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि सशक्त पंचायत और मजबूत बुनियादी ढांचा ही ग्रामीण विकास की दिशा और दशा बदल सकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर काम कर रही है।