धमतरी में 12.538 किलो गांजा के साथ युवक-युवती गिरफ्तार, 4.43 लाख की संपत्ति जब्त
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.538 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक और एक युवती को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई धमतरी-नगरी मार्ग पर की गई, जहां पुलिस ने अवैध गांजा परिवहन का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल करीब 4.43 लाख रुपये की संपत्ति भी जब्त की है।
जानकारी के मुताबिक अर्जुनी थाना पुलिस को ग्राम भोयना ग्राम पंचायत के पास धमतरी-नगरी मार्ग पर गांजे के अवैध परिवहन की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान बाइक से गांजा ले जा रहे दो लोगों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया।
एएसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अर्जुनी थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी कोरबा जिले के रहने वाले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंडरिया थाना क्षेत्र, वार्ड क्रमांक-03, गोपीबंद निवासी तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष) और कोतवाली थाना क्षेत्र, सुभाष ब्लॉक, एसईसीएल कॉलोनी निवासी तरुणा सिंह राजपूत (26 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 12.538 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 25 हजार 380 रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 2 लाख 85 हजार रुपये की बाइक और 33 हजार 500 रुपये कीमत के चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे कहां सप्लाई किया जाना था।