डीपीएस राजनांदगांव की बालिका बास्केटबॉल टीम ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता स्वर्ण पदक
राजनांदगांव। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) राजनांदगांव की बालिका बास्केटबॉल टीम ने 69वीं जूनियर स्कूल नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया है। टीम ने सीबीएसई (CBSE) का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के 69 वर्षों के इतिहास में यह पहला अवसर है जब किसी स्कूल टीम ने टीम गेम में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीता है।
फाइनल मुकाबले में डीपीएस राजनांदगांव की टीम ने महाराष्ट्र को कड़े और हाई-स्कोरिंग मुकाबले में 92-83 से पराजित किया। इससे पहले सेमीफाइनल में टीम ने छत्तीसगढ़ को 48-23 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
पूरे टूर्नामेंट में रहा शानदार प्रदर्शन
डीपीएस राजनांदगांव की टीम ने पूरे टूर्नामेंट में दबदबा बनाए रखा।
- लीग मैचों में
- केंद्रीय विद्यालय को 50-23 से
- डीएवी को 58-12 से
- मणिपुर को 45-02 से हराया
- प्री-क्वार्टर फाइनल में झारखंड को 48-11 से
- क्वार्टर फाइनल में मध्य प्रदेश को 49-11 से मात दी
इन खिलाड़ियों का रहा अहम योगदान
टीम की ऐतिहासिक जीत में रूमी कोनवर, अदिति कोडापे, सोफी सिका, काम्या झा, अंजनी, आर्या विजय अवारे, प्रेरणा, पुजीता, केथरीना नाजारथ, मुग्धा राजगुरू और नंदनी माधो प्रधान का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
पहले भी देश का नाम कर चुकी है रोशन
डीपीएस राजनांदगांव की इसी टीम ने पिछले वर्ष चेन्नई में आयोजित नेशनल चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था। इसके अलावा इसी वर्ष सिंगापुर में आयोजित एनबीए राइजिंग स्टार इंटरनेशनल इन्विटेशनल प्रतियोगिता में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
कोच की मेहनत लाई रंग
इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच कालवा राजेश्वर राव और उनकी पत्नी कालवा राधा राव को दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी रेवाडीह स्थित शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय और सर्वज्ञ राव बास्केटबॉल एकेडमी के मैदान में नियमित अभ्यास करते हैं।
69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन
राजनांदगांव में SGFI के तत्वावधान में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का गुरुवार, 15 जनवरी को सफलतापूर्वक समापन हुआ। दिग्विजय स्टेडियम और शहर के अन्य कोर्ट्स में खेले गए अंडर-17 बास्केटबॉल मुकाबलों में मेजबान छत्तीसगढ़ और सीबीएसई टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
बालक वर्ग (U-17):
- स्वर्ण पदक: छत्तीसगढ़ (85-82 से सीबीएसईडब्ल्यूएसओ को हराया)
- रजत पदक: सीबीएसईडब्ल्यूएसओ
- कांस्य पदक: दिल्ली
बालिका वर्ग (U-17):
- स्वर्ण पदक: सीबीएसई (डीपीएस राजनांदगांव)
- रजत पदक: महाराष्ट्र
- कांस्य पदक: छत्तीसगढ़
देशभर से आए खिलाड़ियों ने इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेजबान छत्तीसगढ़ ने बालक वर्ग में स्वर्ण और बालिका वर्ग में कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।