Chhattisgarh, City News, Raipur, State News

रायपुर: प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए फ्री कोचिंग, 22 जनवरी तक आवेदन का मौका

रायपुर। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। रायपुर स्थित अखिल भारतीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र में अब बैंक, रेलवे, एसएससी और छत्तीसगढ़ व्यापम की विभिन्न परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी। यह सुविधा राज्य सरकार की राजीव युवा उत्थान योजना के तहत प्रदान की जा रही है।

इस योजना के तहत पात्र विद्यार्थी 22 जनवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

100 सीटें, महिलाओं के लिए आरक्षण

योजना के अंतर्गत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के विद्यार्थियों के लिए कुल 100 सीटें निर्धारित की गई हैं। इनमें अनुसूचित जाति के लिए 30, अनुसूचित जनजाति के लिए 50 और अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 20 सीटें शामिल हैं। प्रत्येक वर्ग में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित रहेंगी।

चयनित विद्यार्थियों को कोचिंग पूरी तरह निःशुल्क दी जाएगी। इसके साथ ही हर छात्र को प्रतिमाह ₹1000 की छात्रवृत्ति भी मिलेगी। विद्यार्थियों का चयन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

उम्र और पात्रता की शर्तें

आवेदन के लिए अभ्यर्थी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना अनिवार्य है। उसके पास संबंधित वर्ग का वैध जाति प्रमाणपत्र होना चाहिए। अभ्यर्थी की आयु 20 से 30 वर्ष के बीच होनी चाहिए और उसने स्नातक या स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की हो।

शासकीय सेवा में कार्यरत व्यक्ति इस योजना का लाभ नहीं ले सकेंगे। इसके अलावा अभ्यर्थी या उसके माता-पिता की वार्षिक आय ₹3 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए।

जरूरी दस्तावेज

आवेदन के साथ शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आय प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र और आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा।

यहां करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थी अपने आवेदन कार्यालयीन समय में निम्न स्थानों पर जमा कर सकते हैं—

  • अखिल भारतीय परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केन्द्र, पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय परिसर, रायपुर (पुराना कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति विकास/डॉ. अंबेडकर छात्रावास भवन)
  • सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास कार्यालय, कलेक्टर परिसर रायपुर, कक्ष क्रमांक 40

इस योजना से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को न केवल गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिलेगा, बल्कि आर्थिक सहायता भी मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *