Chhattisgarh, City News, Raipur, State News

रायपुर: ट्रक डीलरशिप में 70 लाख की हेराफेरी, पूर्व मैनेजर पर केस दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में ट्रक डीलरशिप के एक कारोबारी को उसके ही मैनेजर ने 70 लाख रुपए से ज्यादा की चपत लगा दी। आरोपी पूर्व मैनेजर ने पार्ट्स की बिलिंग में गड़बड़ी कर लंबे समय तक रकम गबन की। मामले का खुलासा होने के बाद आरोपी ऑफिस आना बंद कर दिया। यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, बिरगांव-धनेली स्थित रामा मोटोकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड (टाटा मोटर्स की ट्रक डीलरशिप) में केतन चौधरी जनरल मैनेजर (पार्ट्स) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि फर्म में मुनीर अहमद मैनेजर के पद पर पदस्थ था और पार्ट्स के स्टॉक व बिलिंग की पूरी जिम्मेदारी उसी के पास थी।

2020 से 2025 तक किया गबन

ऑडिट के दौरान खुलासा हुआ कि मुनीर अहमद ने वर्ष 2020 से 2025 के बीच पार्ट्स की बिलिंग में हेराफेरी कर फर्म के करीब 70 लाख रुपए से अधिक का गबन किया। जब जनरल मैनेजर ने हिसाब-किताब का ऑडिट कराया तो गड़बड़ी सामने आई। इसकी जानकारी कंपनी के डायरेक्टर को दी गई, जिनके निर्देश पर थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

ऑडिट रिपोर्ट सामने आते ही गायब हुआ आरोपी

ऑडिट रिपोर्ट में गड़बड़ी उजागर होने के बाद आरोपी मुनीर अहमद ने ऑफिस आना बंद कर दिया। इसके बाद जनरल मैनेजर ने खमतराई थाने पहुंचकर पूर्व मैनेजर के खिलाफ लिखित शिकायत दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी

जनरल मैनेजर की शिकायत पर खमतराई थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *