Entertainment News, Politics

महाराष्ट्र निकाय चुनाव: बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं में मतदान जारी, सेलेब्स ने भी डाला वोट

मुंबई। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 महानगरपालिकाओं के लिए गुरुवार सुबह 7:30 बजे से मतदान जारी है। लोकतंत्र के इस महापर्व में आम मतदाताओं के साथ-साथ बॉलीवुड सेलेब्रिटीज भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते नजर आए। कई फिल्मी सितारे अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचे।

एक्टर अक्षय कुमार पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ पोलिंग बूथ पहुंचे और वोट डाला। इसके अलावा जॉन अब्राहम, सुनील शेट्टी, राकेश रोशन, गुलजार, हेमा मालिनी, तमन्ना भाटिया, जुनैद खान और किरण राव ने भी मतदान कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाई।

अक्षय कुमार ने की मतदान की अपील

वोट डालने के बाद अक्षय कुमार ने मीडिया से बातचीत में मुंबईवासियों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा,
“आज बीएमसी के लिए मतदान हो रहा है। मुंबईवासी होने के नाते आज रिमोट कंट्रोल हमारे हाथ में है।”

अक्षय ने आगे कहा, “अगर हमें मुंबई का असली हीरो बनना है, तो सिर्फ बातें नहीं, बल्कि वोट डालना जरूरी है।”

ट्विंकल खन्ना ने बताया वोटिंग का महत्व

ट्विंकल खन्ना ने मतदान के बाद कहा,
“वोट देना हमें थोड़ा नियंत्रण और ताकत देता है। इससे हमें अपनी कहानी तय करने का मौका मिलता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि वह आदत के तौर पर हर चुनाव में मतदान जरूर करती हैं।

वोटिंग के बाद युवती ने मांगी मदद

मतदान के बाद जब अक्षय कुमार अपनी गाड़ी में बैठने जा रहे थे, तभी एक युवती उनके पास पहुंची। उसने बताया कि उसके पिता कर्ज में डूबे हुए हैं और उसने मदद की गुहार लगाई। इस पर अक्षय कुमार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए युवती से अपने स्टाफ को संपर्क नंबर देने के लिए कहा।

निकाय चुनाव में सेलेब्रिटीज की सक्रिय भागीदारी से मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है और प्रशासन को उम्मीद है कि मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *