फिल्म ‘हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस’ की मुंबई में स्पेशल स्क्रीनिंग, आमिर खान गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ पहुंचे
मुंबई। फिल्म हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस की बुधवार को मुंबई में एक स्पेशल स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें बॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए। फिल्म के प्रोड्यूसर आमिर खान अपनी गर्लफ्रेंड गौरी स्प्रैट के साथ कार्यक्रम में पहुंचे। इस खास मौके पर आमिर खान का परिवार भी मौजूद रहा।
स्क्रीनिंग में राजकुमार हिरानी, कुणाल खेमू, तृप्ति डिमरी, बाबिल खान और नितेश तिवारी समेत कई जाने-माने सेलेब्स नजर आए। इवेंट में सितारों की मौजूदगी ने माहौल को खास बना दिया।
पैपराजी ने सुनील ग्रोवर को कहा ‘आमिर सर’
इस इवेंट का एक दिलचस्प और मजेदार पल तब देखने को मिला, जब कॉमेडियन और एक्टर सुनील ग्रोवर पहुंचे। उन्हें देखते ही पैपराजी ने उन्हें “आमिर सर” कहकर पुकारना शुरू कर दिया। वहीं, जब असली आमिर खान पहुंचे तो पैपराजी ने उन्हें “सुनील सर” कह दिया। इस पर सुनील ग्रोवर और आमिर खान दोनों मुस्कुराते नजर आए।
दरअसल, हाल ही में द ग्रेट इंडियन कपिल शो में सुनील ग्रोवर का आमिर खान वाला अवतार काफी वायरल हुआ है। इसके बाद फिल्म हैप्पी पटेल के प्रमोशन के लिए सुनील ग्रोवर ने आमिर खान के साथ एक मजेदार वीडियो भी शूट किया था, जिसमें सुनील आमिर के गेटअप में उन्हीं के ऑफिस से असली आमिर को बाहर निकलवा देते हैं।
वीर दास की निर्देशन में पहली फिल्म
हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस कॉमेडियन और एक्टर वीर दास के निर्देशन में बनी पहली फिल्म है। इस फिल्म में वीर दास अभिनय भी कर रहे हैं और एक अनोखे व मजेदार जासूस के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में मोना सिंह, शारिब हाशमी, मिथिला पालकर और सृष्टि तावड़े जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं।
इसके अलावा अभिनेता इमरान खान भी लंबे समय बाद इस फिल्म के जरिए बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। उन्हें आखिरी बार साल 2015 में फिल्म कट्टी बट्टी में देखा गया था।
फिल्म हैप्पी पटेल: खतरनाक जासूस 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।