Chhattisgarh, State News

छत्तीसगढ़ में ज्वेलरी शॉप्स में बुर्का, नकाब, घूंघट और हेलमेट पहनकर एंट्री बैन

बिलासपुर। बिहार, राजस्थान, उत्तरप्रदेश और झारखंड के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी सोने-चांदी की दुकानों में सुरक्षा को लेकर सख्त फैसला लिया गया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने बुर्का, नकाब, घूंघट, मास्क और हेलमेट पहनकर ज्वेलरी शॉप में प्रवेश पर रोक लगाने का निर्णय लिया है। इसके तहत हेलमेट पहनकर आने वाले पुरुषों को भी दुकान में एंट्री नहीं दी जाएगी।

छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर में बताया कि गरियाबंद जिले के नवापारा राजिम में एक ज्वेलरी शॉप से करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए थे। इस बड़ी वारदात के बाद प्रदेशभर के स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में डर का माहौल है। इसी को देखते हुए सुरक्षा के लिहाज से यह फैसला लिया गया है।

सुरक्षा कारणों से लिया गया निर्णय

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय किसी समुदाय या वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि पूरी तरह सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि यदि कोई ग्राहक बुर्का, नकाब, घूंघट, मास्क या हेलमेट पहनकर दुकान में आता है, तो उसे प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ग्राहक चेहरे की पहचान स्पष्ट करके ही खरीदारी कर सकेंगे।

बढ़ती कीमतों से बढ़ा अपराध का खतरा

प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे चोरी, लूट और डकैती की आशंका भी बढ़ गई है। ऐसे मामलों में पुलिस को CCTV फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान करनी होती है, लेकिन नकाब या हेलमेट के कारण अपराधियों की पहचान मुश्किल हो जाती है और वे पकड़ में नहीं आ पाते।

इमरजेंसी बैठक में लिया गया फैसला

ज्वेलरी शॉप्स की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक आपातकालीन बैठक बुलाई थी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने की। इसमें सर्वसम्मति से सुरक्षा मानकों को सख्त करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों के पदाधिकारी शामिल हुए, जिनमें प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी के अलावा प्रकाश गोलचा (बिलासपुर), हर्षवर्धन जैन (रायपुर), प्रदीप घोरपोड़े (रायपुर), संजय कुमार कनुगा (रायपुर), उत्तम चंद भंडारी (दुर्ग), पवन अग्रवाल (बिलासपुर), राजू दुग्गड़ (बस्तर) और राजेश सोनी (सरगुजा) प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

छत्तीसगढ़ में नकाब पहनकर हुईं बड़ी वारदातें

प्रदेश में हाल के दिनों में नकाब पहनकर ज्वेलरी दुकानों में अपराध की घटनाएं भी सामने आई हैं।
एक माह पहले अंबिकापुर के सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में बुर्का पहनकर चोरी की कोशिश की गई थी। आरोपी निर्माणाधीन भवन के रास्ते दुकान में घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन शोर मचने पर फरार हो गया।

वहीं सुकमा जिले में दो नकाबपोश लुटेरों ने पिस्टल दिखाकर एक ज्वेलरी शॉप से करीब 13 लाख रुपए की लूट को अंजाम दिया था। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया था। हालांकि पुलिस ने तीन घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था और 12 लाख 80 हजार रुपए का लूटा गया सामान बरामद किया गया।

एसोसिएशन का दावा

सर्राफा एसोसिएशन का कहना है कि दुकान में प्रवेश से पहले चेहरा दिखाने से न सिर्फ दुकानदारों की सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि बाजार में भी सुरक्षित माहौल बनेगा। एसोसिएशन के मुताबिक, इस फैसले का प्रदेशभर के सभी सर्राफा व्यापारी पालन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *