Chhattisgarh, City News, Raipur, State News

ईरान-इजराइल तनाव का असर: ईरान ने बंद किया हवाई क्षेत्र, मुंबई लौटीं इंटरनेशनल फ्लाइट्स, छत्तीसगढ़ के यात्री फंसे

रायपुर/मुंबई। ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय हवाई यातायात पर भी पड़ने लगा है। सुरक्षा कारणों से ईरान ने अपना हवाई क्षेत्र अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। इसके चलते देशभर के यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस स्थिति से छत्तीसगढ़ के यात्री भी प्रभावित हुए हैं।

14 जनवरी को तेहरान एयर स्पेस से होकर गुजरने वाली कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को बीच रास्ते से ही वापस मुंबई लौटना पड़ा। इनमें रायपुर निवासी महावीर तालेड़ा भी शामिल हैं, जो अपने परिवार के साथ मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहे थे। अचानक फ्लाइट वापस लौटने से वे मुंबई एयरपोर्ट पर फंस गए हैं।

दो घंटे बाद वापस मोड़ी गई फ्लाइट

महावीर तालेड़ा ने बताया कि फ्लाइट तय समय पर मुंबई से रवाना हुई थी, लेकिन उड़ान भरने के करीब दो घंटे बाद ही पायलट ने घोषणा की कि तकनीकी और सुरक्षा कारणों से विमान को वापस मुंबई ले जाया जा रहा है। यह सुनते ही विमान में बैठे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

सुबह 4 बजे मुंबई लौटीं उड़ानें

जानकारी के अनुसार, देर रात 2 बजे के बाद मुंबई से उड़ान भरने वाली कई इंटरनेशनल फ्लाइट्स को तेहरान एयर स्पेस से होकर गुजरना था। इसी दौरान ईरान द्वारा हवाई क्षेत्र बंद किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सभी संबंधित विमानों को वापस मुंबई लौटने के निर्देश दिए।

सुबह करीब 4 बजे कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुईं, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

यात्रियों को नहीं मिल रही सुविधाएं

फंसे यात्रियों का कहना है कि मुंबई एयरपोर्ट पर न तो ठहरने की समुचित व्यवस्था की गई और न ही आगे की यात्रा को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी दी जा रही है। यात्रियों को रिफंड या वैकल्पिक उड़ानों को लेकर भी कोई ठोस जवाब नहीं मिल पा रहा है।

एयर इंडिया ने जारी की एडवाइजरी

एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है,
“ईरान में बन रहे हालात के कारण वहां का हवाई क्षेत्र बंद कर दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है। एयर इंडिया की कुछ फ्लाइट्स वैकल्पिक रूट से संचालित की जा रही हैं, जिससे उड़ानों में देरी हो सकती है।”

एयर इंडिया के अनुसार, कुछ उड़ानों के लिए रूट बदलना संभव नहीं है, ऐसे में उन्हें रद्द किया गया है। यात्रियों से अपील की गई है कि एयरपोर्ट जाने से पहले आधिकारिक वेबसाइट पर फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लें।

इंडिगो ने भी दी ट्रैवल एडवाइजरी

इंडिगो एयरलाइंस ने भी ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर कहा है कि ईरान के हवाई क्षेत्र बंद होने के कारण कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं। यह स्थिति एयरलाइंस के नियंत्रण से बाहर है। यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए कंपनी ने खेद जताया है।

फिलहाल हालात सामान्य होने तक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की परेशानी जारी रहने की आशंका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *