कोरबा: रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे फन फैलाए नाग मिलने से हड़कंप, सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल छोड़ा गया
कोरबा। जिले के सिंगापुर क्षेत्र में बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की रसोई में गैस सिलेंडर के पीछे फन फैलाए नाग दिखाई दिया। घर की महिला अर्चना कंवर सुबह नाश्ता बनाने के लिए रसोई में पहुंची थीं। जैसे ही उन्होंने गैस चालू की, उन्हें फुंकार जैसी आवाज सुनाई दी।
पहले उन्हें लगा कि यह गैस की आवाज है, लेकिन बार-बार फुंकार सुनाई देने पर जब उन्होंने ध्यान से देखा तो गैस सिलेंडर के पीछे एक नाग फन फैलाए बैठा था। यह देख वह घबरा गईं और चिल्लाते हुए तुरंत रसोई से बाहर निकल आईं।
पड़ोसियों में भी दहशत, किसी की नहीं हुई हिम्मत
अर्चना कंवर ने तुरंत पड़ोसियों को बुलाया, लेकिन करीब 5 फीट लंबे नाग को देखकर कोई भी उसे भगाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। इसके बाद वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम ‘नोवा नेचर’ के स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी को सूचना दी गई।
सावधानी से किया गया रेस्क्यू
सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विशेष उपकरणों की मदद से पूरी सावधानी और कुशलता के साथ नाग को काबू में लिया और थैले में सुरक्षित रखा। रेस्क्यू के बाद नाग को उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया। इसके बाद घर के सदस्यों और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।
कोबरा नाग था सांप, जन जागरूकता की अपील
स्नेक कैचर जितेंद्र सारथी ने बताया कि यह करीब 5 फीट लंबा कोबरा नाग था, जिसमें अत्यधिक जहर होता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या घरेलू उपायों के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल में इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि झाड़-फूंक के चक्कर में कई लोगों की जान जा चुकी है, इसलिए जागरूकता बेहद जरूरी है। उनकी संस्था इस दिशा में लगातार अभियान चला रही है।