एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले 17 सितंबर से, मेंस और विमेंस टीमें भाग लेंगी
नागोया/नई दिल्ली। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट मुकाबले 17 सितंबर से 3 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया प्रांत में खेले जाएंगे। एशियन गेम्स 2026 में क्रिकेट टी-20 फॉर्मेट में होगा और सभी मुकाबले कोरोगी एथलेटिक पार्क में आयोजित किए जाएंगे।
विमेंस क्रिकेट 17 सितंबर से शुरू होगी और मेडल मैच 22 सितंबर को खेले जाएंगे। इसमें 8 टीमें हिस्सा लेंगी और क्वार्टरफाइनल से मुकाबले शुरू होंगे। वहीं, मेंस टूर्नामेंट 24 सितंबर से शुरू होगा और 13 अक्टूबर को फाइनल मैच के साथ समाप्त होगा। इसमें 10 टीमें हिस्सा लेंगी और क्वार्टरफाइनल से पहले तीन दिन प्रीलिमिनरी मैच खेलेंगे। सभी मैच डबल हेडर होंगे – सुबह का मैच भारतीय समयानुसार 5:30 बजे और दोपहर का मैच 10:30 बजे शुरू होगा।
क्रिकेट एशियन गेम्स का चौथी बार हिस्सा होगा। यह खेल पहली बार 2010 में ग्वांगझू में शामिल हुआ था, फिर 2014 में इंचियोन में वापसी की, जबकि 2018 में इसे हटाया गया था। 2022 हांगझोऊ में भारत ने मेंस और विमेंस दोनों में गोल्ड मेडल जीते थे।
रोचक बात यह है कि क्रिकेट ओलिंपिक 2028 में भी वापसी करेगा। पिछली बार यह केवल 1900 पेरिस ओलिंपिक में खेला गया था, जिसमें ग्रेट ब्रिटेन ने फ्रांस को हराकर स्वर्ण पदक जीता था।