भारत–न्यूजीलैंड टी-20 मैच से पहले रायपुर स्टेडियम में कड़ी सुरक्षा, फर्स्ट इनिंग के बाद एंट्री बंद
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 मुकाबले को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) इस बार किसी भी तरह की सुरक्षा चूक से बचने के लिए सख्त कदम उठा रहा है।
क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि पहली पारी समाप्त होने के बाद किसी भी दर्शक को स्टेडियम में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 350 से अधिक प्राइवेट बाउंसर्स तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा क्रिकेट संघ के 45 अधिकारी पूरे मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। स्टेडियम के 13 प्रवेश द्वारों पर लोहे की रेलिंग भी लगा दी गई है।
खाने-पीने की चीजों पर भी रहेगी सख्ती
इस बार खाने-पीने के सामान को लेकर भी सख्त नियम लागू किए गए हैं। पिछले भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका मैच के दौरान स्टेडियम में खाने-पीने की वस्तुएं महंगे दामों पर बिकने की शिकायतें सामने आई थीं, जहां 100 रुपये में चिप्स का एक पैकेट बेचे जाने का आरोप लगा था। इस बार ऐसी स्थिति से बचने के लिए निगरानी बढ़ाई जाएगी।
एंट्री गेट्स पर तिहरी सुरक्षा
स्टेडियम के सभी एंट्री गेट्स पर पुलिस, प्राइवेट गार्ड्स और क्रिकेट संघ के कर्मचारियों की संयुक्त ड्यूटी लगाई जाएगी। इसका उद्देश्य किसी भी तरह के विवाद या अव्यवस्था को रोकना है। पिछले वनडे मैच में दो दर्शक रेलिंग कूदकर मैदान में पहुंच गए थे और खिलाड़ियों तक पहुंचने में सफल हो गए थे।
इस घटना से सबक लेते हुए इस बार बाउंसर्स को बाउंड्री लाइन पर तैनात किया जाएगा, ताकि कोई भी दर्शक दीर्घा से कूदकर मैदान में प्रवेश न कर सके।
CSCS ने गठित की 45 सदस्यों की विशेष टीम
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष विजय शाह ने बताया कि पिछले मैच में सुरक्षा को लेकर कुछ चूक हुई थी, जिस पर बीसीसीआई ने भी संज्ञान लिया था। उन्होंने कहा कि इस बार पूरी तैयारी के साथ सुरक्षा व्यवस्था की गई है और ऐसी किसी भी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं होगी। इसके लिए 45 सदस्यों की विशेष टीम बनाई गई है, जो पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय में काम करेगी।
अवैध एंट्री रोकने कड़े इंतजाम
पिछले मैच में बिना टिकट दर्शकों की भीड़ स्टेडियम में घुस गई थी, जिससे कई स्टैंड ओवरफ्लो हो गए थे। इस बार इस तरह की अवैध एंट्री को रोकने के लिए 13 गेटों पर लोहे की रेलिंग लगाई गई है और निगरानी बढ़ा दी गई है।
मैच और टीमों का कार्यक्रम
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी-20 सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। इसके बाद दोनों टीमें 22 जनवरी को रायपुर पहुंचेंगी। जानकारी के अनुसार, टीमें सुबह और दोपहर में रायपुर पहुंचेंगी और शाम को स्टेडियम में अभ्यास सत्र में हिस्सा लेंगी।