छत्तीसगढ़ कोयला लेवी घोटाला: ED ने सौम्या चौरसिया और निखिल चंद्राकर की 8 संपत्तियां की अटैच
छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोयला लेवी घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सौम्या चौरसिया और निखिल चंद्राकर की 8 अचल संपत्तियों को अटैच किया है। ED के रायपुर जोनल कार्यालय के अनुसार, इन संपत्तियों की कुल कीमत 2.66 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिनमें जमीन और आवासीय फ्लैट शामिल हैं।
ED ने बताया कि ये संपत्तियां आरोपियों द्वारा अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई थीं। जांच में सामने आया है कि इनकी खरीद अवैध कोयला लेवी और अन्य उगाही गतिविधियों से अर्जित धन से की गई थी। एजेंसी ने इन संपत्तियों को ‘प्रोसीड्स ऑफ क्राइम’ मानते हुए कुर्क किया है। इस मामले में ED अब तक कुल 273 करोड़ रुपये की संपत्तियां अटैच कर चुकी है।
अवैध वसूली से रियल एस्टेट में निवेश
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने अवैध कोयला परिवहन और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों पर लेवी वसूली और जबरन वसूली के जरिए बड़ी रकम जुटाई। इस अवैध धन को बाद में रियल एस्टेट और अन्य चल-अचल संपत्तियों में निवेश किया गया।
25 रुपये प्रति टन की अवैध वसूली
ED के मुताबिक, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान जुलाई 2020 से जून 2022 के बीच नेताओं, अधिकारियों और कारोबारियों की मिलीभगत से कोयला परिवहन करने वालों से प्रति टन 25 रुपये के हिसाब से अवैध वसूली की गई। इस अवधि में करीब 540 करोड़ रुपये की अवैध राशि वसूली गई।
एजेंसी का कहना है कि इस नकदी का इस्तेमाल सरकारी अधिकारियों और नेताओं को रिश्वत देने, चुनावी खर्चों की फंडिंग और संपत्तियों की खरीद में किया गया।
अब तक 11 गिरफ्तार, 5 चार्जशीट दाखिल
कोयला लेवी घोटाला मामले में ED अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। इसके अलावा 35 आरोपियों के खिलाफ 5 चार्जशीट स्पेशल कोर्ट में दाखिल की जा चुकी हैं। जांच विभिन्न एजेंसियों की FIR के आधार पर शुरू की गई थी, जिसमें बेंगलुरु पुलिस, आयकर विभाग और छत्तीसगढ़ EOW/ACB रायपुर की FIR शामिल हैं।
36 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज
ED की रिपोर्ट के आधार पर छत्तीसगढ़ ACB/EOW ने दो पूर्व मंत्रियों, विधायकों समेत कुल 36 लोगों के खिलाफ नामजद FIR दर्ज की है। इस मामले में IAS रानू साहू, IAS समीर विश्नोई, सौम्या चौरसिया, जेडी माइनिंग एसएस नाग और कारोबारी सूर्यकांत तिवारी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। ED के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।