Entertainment News

ऑस्कर विनर विल स्मिथ की बॉलीवुड में काम करने की इच्छा, शाहरुख से की खुली अपील

ऑस्कर पुरस्कार विजेता हॉलीवुड अभिनेता विल स्मिथ ने बॉलीवुड में काम करने की इच्छा जाहिर की है। हाल ही में एक इवेंट के दौरान उन्होंने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के प्रति अपने लगाव पर खुलकर बात की और बताया कि बीते कुछ वर्षों में उन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ रिश्ते विकसित किए हैं।

दरअसल, विल स्मिथ दुबई में नेशनल जियोग्राफिक के अपने शो ‘पोल टू पोल विद विल स्मिथ’ के मिडिल ईस्ट प्रीमियर के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने बॉलीवुड को लेकर अपनी दिलचस्पी जाहिर की।

सलमान और अमिताभ से हुई थी बातचीत

गल्फ न्यूज से बातचीत के दौरान जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कभी बॉलीवुड फिल्म में नजर आएंगे, तो विल स्मिथ ने बताया कि इस विषय पर उनकी सलमान खान और अमिताभ बच्चन से पहले भी बातचीत हो चुकी है। हालांकि, अब तक कोई प्रोजेक्ट फाइनल नहीं हो पाया।

विल स्मिथ ने कहा,
“मैं सलमान से बात कर रहा था। हम कुछ सब्जेक्ट्स पर चर्चा कर रहे थे। मैं बिग बी के साथ कुछ करने की कोशिश कर रहा था। उन्होंने मुझसे कहा कि मैं बिग डब्ल्यू बन सकता हूं। हम टाइटल शेयर कर रहे थे। पिछले कुछ सालों में बातें हुईं, लेकिन कुछ भी सफल नहीं हो पाया।”

शाहरुख खान की सुपरमेसी को किया स्वीकार

बातचीत के दौरान विल स्मिथ ने हिंदी सिनेमा में शाहरुख खान की लोकप्रियता और दबदबे को स्वीकार किया। उन्होंने खुलासा किया कि वह खुद शाहरुख से किसी प्रोजेक्ट में लेने की अपील कर चुके हैं। विल ने मजाकिया अंदाज में कहा,
“मैं चाहता हूं कि शाहरुख मुझे किसी फिल्म में लें। क्या कहते हो शाहरुख?”

‘पोल टू पोल विद विल स्मिथ’ में दिखेंगी रोमांचक चुनौतियां

विल स्मिथ का शो ‘पोल टू पोल विद विल स्मिथ’ दर्शकों को बेहद रोमांचक सफर पर ले जाएगा। इस शो में वह 100 दिनों तक अलग-अलग खतरनाक और चुनौतीपूर्ण मिशनों का सामना करते नजर आएंगे। इनमें साउथ पोल तक स्कीइंग करना, विशाल एनाकोंडा को पकड़ना, जहरीली टेरेंटुला से जहर निकालना, ऊंचे पहाड़ों पर चढ़ना और नॉर्थ पोल की बर्फ के नीचे गोता लगाना शामिल है।

पहले भी दिख चुके हैं बॉलीवुड में

गौरतलब है कि विल स्मिथ 2019 में टाइगर श्रॉफ, अनन्या पांडे और तारा सुतारिया स्टारर फिल्म ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2’ के एक गाने में कैमियो कर चुके हैं।

इसके अलावा, ऐसी भी खबरें थीं कि निर्देशक एटली की एक फिल्म में सलमान खान और विल स्मिथ साथ नजर आ सकते हैं। एटली इस प्रोजेक्ट में विल स्मिथ को कास्ट करना चाहते थे और सलमान ने दोनों की बातचीत भी करवाई थी। हालांकि, पैन इंडिया अपील और बजट कारणों के चलते यह प्रोजेक्ट आगे नहीं बढ़ सका और बाद में सलमान भी फिल्म से बाहर हो गए।

फिलहाल, विल स्मिथ की यह बयानबाजी बॉलीवुड और हॉलीवुड के बीच संभावित सहयोग को लेकर एक बार फिर चर्चाओं में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *