Entertainment News

इंडियन आइडल विनर और अभिनेता प्रशांत तमांग का अंतिम संस्कार, परिवार और फैंस ने दी भावभीनी विदाई

दार्जिलिंग, पश्चिम बंगाल: टीवी शो इंडियन आइडल सीजन 3 के विजेता और अभिनेता प्रशांत तमांग का सोमवार को दार्जिलिंग के चौरास्ता शहर में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान उनकी पत्नी मार्था और बेटी अरिआ भावुक नजर आईं। पत्नी रोते-बिलखते अपनी तीन साल की बेटी को संभालती दिखाई दी।

प्रशांत का पार्थिव शरीर दिल्ली से सिलीगुड़ी के बागडोगरा एयरपोर्ट लाया गया, जहां परिवार, दोस्त और फैंस ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अंतिम संस्कार के लिए दार्जिलिंग ले जाया गया।

कार्डियक अरेस्ट से हुआ निधन
43 वर्षीय प्रशांत तमांग का निधन रविवार को दिल्ली के जनकपुरी स्थित उनके घर पर कार्डियक अरेस्ट के कारण हुआ। उन्हें तुरंत द्वारका के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सिंगर और अभिनेता के रूप में उपलब्धियां
प्रशांत तमांग ने इंडियन आइडल सीजन 3 जीतकर राष्ट्रीय पहचान बनाई। उन्होंने अपने पहले एल्बम ‘धन्यवाद’ के साथ संगीत की दुनिया में कदम रखा और विदेशों में भी कई लाइव शो किए।

अभिनय में उनकी शुरुआत नेपाली फिल्म ‘गोरखा पलटन’ से हुई। इसके बाद उन्होंने अंगालो यो माया को, किन माया मा, निशानी और लाडैन जैसी कई फिल्मों में काम किया। वे वेब सीरीज ‘पाताललोक’ पार्ट 2 में भी नजर आए और सलमान खान की आगामी फिल्म ‘बैटल ऑफ गलवान’ में भी दिखाई देंगे, जो 17 अप्रैल को रिलीज होगी।

पुलिस में भी किया योगदान
दार्जिलिंग के सेंट रॉबर्ट स्कूल से पढ़ाई करने वाले प्रशांत तमांग पिता की मौत के बाद कोलकाता पुलिस में कॉन्स्टेबल बने। यहां वे पुलिस ऑर्केस्ट्रा के लिए भी गाते थे।

इंडियन आइडल में रिकॉर्ड सफलता
साल 2007 में इंडियन आइडल में हिस्सा लेने के बाद प्रशांत पश्चिम बंगाल, सिक्किम और दार्जिलिंग में बेहद लोकप्रिय हो गए। उन्होंने ग्रैंड फिनाले में रिकॉर्ड 70 मिलियन वोट हासिल किए। जीतने पर उन्हें 1 करोड़ रुपए और एक मारुति सुजुकी एस-एक्स4 कार मिली।

परिवार और व्यक्तिगत जीवन
प्रशांत की शादी गीता थापा उर्फ मार्था एली से हुई थी। दोनों की मुलाकात एक अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में हुई थी। शादी 16 फरवरी 2011 को नागालैंड में हुई थी। उनके घर एक बेटी अरिआ तमांग है।

स्वास्थ्य
मृत्यु से पहले प्रशांत को कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। उनके निधन की खबर सबसे पहले उनकी सास को मिली, इसके बाद इंडियन आइडल के दोस्त अमित पॉल को दी गई, जिन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी सूचना साझा की।

प्रशांत तमांग की मौत से उनके परिवार, मित्र और फैंस शोक में हैं। उनका संगीत और अभिनय का योगदान हमेशा याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *