Chhattisgarh, State News

रायगढ़ में बढ़ते प्रदूषण के खिलाफ युवा कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम खून से लिखा पत्र

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बढ़ते प्रदूषण को लेकर युवा कांग्रेस ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराया। युवा कांग्रेस का आरोप है कि जिले में लगातार बढ़ रहे औद्योगिक प्रदूषण से जनजीवन और लोगों की सेहत पर गंभीर असर पड़ रहा है। इसी के विरोध में युवा कांग्रेस की ओर से महात्मा गांधी चौक पर “खून से पत्र” कार्यक्रम आयोजित किया गया।

दोपहर 12 बजे महात्मा गांधी चौक पर बड़ी संख्या में युवा कांग्रेसी और स्थानीय लोग एकत्र हुए। इस दौरान उद्योगों से निकलने वाले जहरीले धुएं और रासायनिक कणों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि रायगढ़ अब रहने लायक नहीं रहा है और हर घर प्रदूषण की मार झेल रहा है। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल समेत अन्य नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम सादे कागज पर खून से पत्र लिखा। पत्र में रायगढ़ को प्रदूषण से बचाने की मांग की गई है। यह पत्र राष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस, राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), मुख्यमंत्री, केंद्रीय पर्यावरण मंत्री और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को भेजा जाएगा, ताकि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जा सकें।

5 हजार पंपलेट बांटकर किया जनजागरण

युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशीष जायसवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम से पहले बीते 3 से 4 दिनों से शहर में जनजागरण अभियान चलाया गया। करीब 5 हजार पंपलेट छपवाकर शहर के अलग-अलग इलाकों में बांटे गए, ताकि लोगों को प्रदूषण के खतरे और इस आंदोलन की जानकारी दी जा सके।

पहले भी सौंपे गए ज्ञापन, नहीं हुआ असर

आशीष जायसवाल ने कहा कि यह प्रदर्शन प्रतीकात्मक है, लेकिन मुद्दा बेहद गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन प्रदूषण की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहा है। इससे पहले भी कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन उनका कोई असर नहीं हुआ। इसी वजह से युवा कांग्रेस ने खून से पत्र लिखकर “रायगढ़ को बचा लो” की अपील की है।

युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *