बांग्लादेश में IPL के प्रसारण पर बैन, मुस्तफिजुर रहमान को KKR से हटाने पर जताया विरोध
बांग्लादेश सरकार ने देश में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के प्रसारण पर प्रतिबंध लगा दिया है। सोमवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आधिकारिक निर्देश जारी किए गए। आदेश में कहा गया है कि अगले आदेश तक IPL के सभी मैचों के प्रचार, प्रसारण और पुनः प्रसारण पर रोक रहेगी।
सरकारी बयान में कहा गया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 26 मार्च से शुरू हो रही IPL में बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) टीम से बाहर करने का फैसला किया है। मंत्रालय का आरोप है कि यह निर्णय बिना किसी ठोस या तार्किक कारण के लिया गया, जो बांग्लादेश की जनता के लिए अपमानजनक, दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
3 जनवरी को KKR ने हटाया था मुस्तफिजुर
3 जनवरी को KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया था। बताया गया कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच उन्हें टीम से हटाने की मांग उठ रही थी। इसके बाद BCCI ने KKR को मुस्तफिजुर को बाहर करने का निर्देश दिया, जिसके चलते यह फैसला लिया गया। बांग्लादेश में बीते 16 दिनों में 4 हिंदुओं की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं।
टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर भी बढ़ा विवाद
इससे एक दिन पहले, रविवार 4 जनवरी को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने टी-20 वर्ल्ड कप खेलने के लिए अपनी टीम भारत भेजने से इनकार कर दिया था। BCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से अनुरोध किया है कि बांग्लादेश के मैच भारत की बजाय श्रीलंका में कराए जाएं।
पाकिस्तान पहले ही कर चुका है मैच शिफ्ट
टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान पहले ही अपने मैच श्रीलंका शिफ्ट करा चुका है। भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक विवादों के चलते दोनों टीमें एक-दूसरे के देश में क्रिकेट नहीं खेलतीं। भारत ने पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी के मैच पाकिस्तान में नहीं खेले थे, वहीं अब पाकिस्तान भी भारत में टी-20 वर्ल्ड कप के मुकाबले नहीं खेलेगा। भारत-पाकिस्तान मैच भी श्रीलंका के कोलंबो में आयोजित किया जाएगा।
अगर बांग्लादेश के मैच भी श्रीलंका शिफ्ट होते हैं, तो वह पाकिस्तान के बाद दूसरी टीम होगी जो विवादों के कारण भारत में टी-20 वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।