Sports News

KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को टीम से किया बाहर, BCCI के निर्देश के बाद लिया गया फैसला

कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने बांग्लादेशी क्रिकेटर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर कर दिया है। यह फैसला भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के निर्देश के बाद लिया गया। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बीच मुस्तफिजुर के IPL में खेलने का विरोध तेज हो गया था, जिसके बाद यह मामला BCCI तक पहुंचा।

KKR ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी कर कहा,
“BCCI के निर्देश के बाद सभी आवश्यक प्रक्रियाओं और आपसी परामर्श के बाद मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज कर दिया गया है। IPL नियमों के अनुसार, BCCI ने KKR को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी लेने की अनुमति दे दी है। इससे जुड़ी आगे की जानकारी समय पर साझा की जाएगी।”

इससे पहले BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए बोर्ड ने KKR को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि यदि फ्रेंचाइजी किसी वैकल्पिक खिलाड़ी को शामिल करना चाहती है, तो उसे इसकी अनुमति दी जाएगी।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ हिंसा की घटनाओं के बीच मुस्तफिजुर के IPL में खेलने का विरोध हो रहा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले 14 दिनों में वहां चार हिंदुओं की हत्या की जा चुकी है, जिसके बाद इस मुद्दे ने राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया।

IPL 2026 की शुरुआत 26 मार्च से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 31 मई को खेला जाएगा। अब KKR की नजर मुस्तफिजुर के स्थान पर नए खिलाड़ी को टीम में शामिल करने पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *