Business News, International News

बिक्री में BYD ने टेस्ला को पछाड़ा, 2025 में चीनी कंपनी का दबदबा बढ़ा

इलेक्ट्रिक वाहन बाजार में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। चीन की कंपनी BYD ने बिक्री के मामले में एलन मस्क की टेस्ला को पीछे छोड़ दिया है। साल 2025 में BYD की बैटरी से चलने वाली कारों की बिक्री करीब 28 प्रतिशत बढ़कर 22.5 लाख से अधिक हो गई।

वहीं टेस्ला की बिक्री में लगातार दूसरे साल गिरावट दर्ज की गई। रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ला ने 2025 में करीब 16.4 लाख इलेक्ट्रिक वाहनों की बिक्री की, जो 2024 के मुकाबले लगभग 9 प्रतिशत कम है।

टेस्ला की बिक्री घटने की दो बड़ी वजहें

विशेषज्ञों के अनुसार, टेस्ला की घटती बिक्री के पीछे दो प्रमुख कारण सामने आए हैं। पहला, एलन मस्क के दक्षिणपंथी राजनीतिक रुख और बयानों को लेकर ग्राहकों में नाराजगी, जिसे ‘कस्टमर रिवोल्ट’ कहा जा रहा है। दूसरा, चीन और अन्य विदेशी बाजारों में BYD जैसी कंपनियों से मिल रही कड़ी प्रतिस्पर्धा, जो टेस्ला के मुकाबले कम कीमत पर बेहतर फीचर्स वाले EV मॉडल पेश कर रही हैं।

बिक्री घटी, लेकिन शेयर चढ़ा

हालांकि बिक्री में गिरावट के बावजूद टेस्ला के शेयरों ने 2025 में करीब 18 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की। निवेशकों को कंपनी के भविष्य के प्रोजेक्ट्स, खासकर रोबो टैक्सी सर्विस और ह्यूमनॉइड रोबोट्स पर भरोसा है। कंपनी का लक्ष्य ऐसे रोबोट तैयार करना है जो घरों और ऑफिसों में सामान्य काम कर सकें। इन्हीं उम्मीदों के चलते शुक्रवार को प्री-मार्केट ट्रेडिंग में भी टेस्ला के शेयरों में लगभग 2 प्रतिशत की तेजी देखी गई।

कौन है BYD

BYD का पूरा नाम ‘बिल्ड योर ड्रीम्स’ है। यह चीन की एक मल्टीनेशनल कंपनी है, जो इलेक्ट्रिक वाहनों के साथ-साथ बैटरी निर्माण के लिए भी जानी जाती है। दिग्गज निवेशक वॉरेन बफे की कंपनी बर्कशायर हैथवे ने भी BYD में निवेश किया है। किफायती दामों पर विभिन्न EV मॉडल पेश करने के चलते BYD चीन के साथ-साथ वैश्विक बाजार में तेजी से लोकप्रिय हो रही है।

भारत में BYD सीलायन 7 की कीमत बढ़ी

इस बीच BYD ने भारत में अपनी लग्जरी इलेक्ट्रिक SUV सीलायन 7 की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। कंपनी ने इसके बेस मॉडल यानी प्रीमियम वैरिएंट की कीमत में 50,000 रुपये का इजाफा किया है। नई कीमतें 1 जनवरी 2026 से लागू हो गई हैं। हालांकि, 31 दिसंबर 2025 तक बुकिंग कराने वाले ग्राहकों को पुरानी कीमत पर ही वाहन मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *