Chhattisgarh, State News

सरगुजा: ट्रांसपोर्टर के गोदाम से 300 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त, कीमत करीब 40 लाख

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग के संभागीय उड़नदस्ता दल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रांसपोर्टर के गोदाम से 300 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। यह खेप हरियाणा से नए साल में खपाने के लिए मंगाई गई थी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

आरोपी ट्रांसपोर्टर की पहचान सौरभ सिंह (34) के रूप में हुई है, जो अंबिकापुर से लगे कांतिप्रकाशपुर का निवासी है। आबकारी टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि सौरभ सिंह पहले भी इसी तरह के मामले में गिरफ्तार हो चुका है।

जानकारी के अनुसार, आरोपी ट्रांसपोर्ट का काम करता है और कांतिप्रकाशपुर स्थित अपने गोदाम से अवैध शराब का कारोबार संचालित करता था। वह हरियाणा और अन्य राज्यों से शराब मंगाकर आसपास के इलाकों में सप्लाई करता था। इस गतिविधि को लेकर आबकारी विभाग की उड़नदस्ता टीम पिछले एक महीने से निगरानी कर रही थी।

टीम को गोदाम में अवैध शराब छिपाकर रखने की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह छापेमारी की गई। इस दौरान गोदाम से हाई क्वालिटी ब्लैक डॉग व्हिस्की की 300 पेटी बरामद की गई। शराब को दो पिकअप वाहनों के जरिए आबकारी विभाग के गोदाम में सुरक्षित रखवाया गया है।

संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि एक साल पहले भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 30 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी, जो पंजाब से मंगाई गई थी। इस बार हरियाणा से शराब लाई गई थी।

मामले में आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। शराब की सप्लाई के माध्यम और नेटवर्क को लेकर जांच जारी है, वहीं आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *