रायगढ़: सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में युवा कांग्रेस ने प्रदेश में सहायक शिक्षकों के 2300 रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की है। इस संबंध में युवा कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा।
युवा कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि डीएड-बीएड संघ के अभ्यर्थियों की नियुक्तियों पर हाईकोर्ट के स्पष्ट आदेश के बावजूद राज्य सरकार ने अब तक रोक लगा रखी है। जबकि उच्च न्यायालय ने दो महीने के भीतर भर्ती प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन करीब दो साल बीत जाने के बाद भी योग्य अभ्यर्थी नियुक्ति से वंचित हैं।
युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पांडेय ने कहा कि कई अभ्यर्थियों की आयु सीमा समाप्त होने की कगार पर है, जिससे यह भर्ती उनके लिए अंतिम अवसर बन गई है। उन्होंने कहा कि पात्र अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति का इंतजार कर रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
ग्रामीण जिला अध्यक्ष उस्मान बेग ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए शिक्षक भर्ती 2023 के तहत सहायक शिक्षक के सभी 2300 रिक्त पदों पर 1:3 के अनुपात में नियुक्ति प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए। उन्होंने यह भी मांग की कि रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का चल रहा अनिश्चितकालीन अनशन शिक्षा विभाग के हस्तक्षेप से तत्काल समाप्त कराया जाए।
युवा कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।