दुर्ग: नकली नोट छापने वाला पति-पत्नी गिरफ्तार, यूट्यूब से सीखा तरीका
छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में नकली नोट छापने वाले रायपुर के पति-पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कर्ज बढ़ने के बाद आरोपियों ने यूट्यूब से नकली नोट छापने का तरीका सीखा और 500, 200 व 100 रुपए के नकली नोट तैयार कर साप्ताहिक बाजारों में खपाने लगे। मामला रानीतराई थाना क्षेत्र का है।
आरोपी छोटे व्यापारियों को निशाना बनाते थे और शक न हो, इसके लिए नकली नोटों पर मिट्टी लगा देते थे, जिससे वे पुराने चलन के नोट जैसे लगें। खराब प्रिंट क्वालिटी और छूने पर अलग एहसास होने से व्यापारियों को संदेह हुआ, जिसके बाद बाजार में हंगामा हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने रानीतराई साप्ताहिक बाजार से अरुण कुमार तुरंग (50) और उसकी पत्नी राखी तुरंग (40) को रंगे हाथों पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बाजार से 5,200 रुपए और रायपुर स्थित आरोपियों के घर से 1 लाख 65 हजार 300 रुपए के नकली नोट, कलर फोटो कॉपी मशीन और कागज बरामद किए। कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपए के नकली नोट जब्त किए गए हैं।
एसएसपी विजय अग्रवाल के अनुसार आरोपियों ने ऑनलाइन मशीन मंगाकर नकली नोट छापे थे। जांच में यह भी सामने आया है कि रानीतराई के अलावा पाटन साप्ताहिक बाजार में भी कई व्यापारियों को नकली नोट थमाए गए थे। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।