डॉन 3 को लेकर सस्पेंस बरकरार, रणवीर के बाद ऋतिक ने भी ठुकराया ऑफर
फरहान अख्तर की पॉपुलर डॉन फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म डॉन 3 पिछले तीन सालों से अटकी हुई है। पहले इस फिल्म में लीड रोल के लिए रणवीर सिंह को कास्ट किया गया था, लेकिन धुरंधर की सफलता के बाद उन्होंने फिल्म छोड़ दी। रणवीर के बाहर होने के बाद मेकर्स ने यह रोल ऋतिक रोशन को ऑफर किया, हालांकि उन्होंने भी फिल्म करने से इनकार कर दिया है।
मूवी टॉकीज की रिपोर्ट के मुताबिक, ऋतिक रोशन इन दिनों कृष 4 से बतौर निर्देशक डेब्यू करने की तैयारी में हैं। इसके अलावा उनके पास कई बड़ी पैन-इंडिया फिल्में भी हैं, जिसके चलते उनका आने वाला शेड्यूल पूरी तरह पैक है। इसी वजह से उन्होंने डॉन 3 का ऑफर ठुकरा दिया।
रणवीर के फिल्म छोड़ने पर अलग-अलग दावे
रणवीर सिंह के डॉन 3 से बाहर होने को लेकर अलग-अलग अटकलें सामने आई हैं। पिंकविला की रिपोर्ट में दावा किया गया कि रणवीर संजय लीला भंसाली, लोकेश कनगराज और एटली जैसे बड़े फिल्ममेकर्स के साथ काम करना चाहते हैं। साथ ही वे लगातार गैंगस्टर फिल्मों में नजर नहीं आना चाहते, खासकर तब जब धुरंधर पहले ही इस जॉनर में उनकी पहचान बना चुकी है।
वहीं इंडिया टुडे ने फिल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र के हवाले से दावा किया कि रणवीर ने खुद फिल्म नहीं छोड़ी, बल्कि क्रिएटिव मतभेदों के चलते उन्हें फिल्म से बाहर किया गया। रिपोर्ट के अनुसार, मेकर्स रणवीर की कुछ मांगों से सहमत नहीं थे, जिसके चलते यह फैसला लिया गया।
कियारा आडवाणी भी हो चुकी हैं बाहर
फरहान अख्तर के निर्देशन में बनने वाली इस फिल्म में पहले रणवीर सिंह के साथ कियारा आडवाणी को कास्ट किया गया था। हालांकि प्रेग्नेंसी की घोषणा के बाद कियारा ने फिल्म छोड़ दी। इसके बाद खबरें आई थीं कि कृति सेनन उन्हें रिप्लेस कर सकती हैं।
अब रणवीर और ऋतिक दोनों के बाहर होने के बाद डॉन 3 को लेकर फैंस की उत्सुकता और सस्पेंस और बढ़ गया है।