Climate News, National News

उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड, पहाड़ों पर बर्फबारी का मैदानी राज्यों पर असर

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश समेत पहाड़ी राज्यों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में भी साफ नजर आने लगा है। जम्मू-कश्मीर में सोनमर्ग टनल के पास तेज बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे ठंड और बढ़ गई है।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में 30 दिसंबर की शाम से लगातार बर्फबारी हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार यहां तापमान माइनस 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। मध्य प्रदेश में भी ठंड का असर दिखा, जहां शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

छत्तीसगढ़ में मैनपाट में रात का तापमान 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। अंबिकापुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ओस जमने लगी है। प्रदेश के चार संभाग इस समय कोल्ड वेव की चपेट में बताए जा रहे हैं। वहीं राजस्थान में कड़ाके की सर्दी के बीच अगले दो दिनों तक बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है।

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह घनी धुंध छाई रही। कई इलाकों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई, जिसका सीधा असर हवाई यातायात पर पड़ा। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 148 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं, जबकि करीब 150 उड़ानें देरी से संचालित हो रही हैं।

एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए बताया है कि CAT-III सिस्टम लागू किया गया है। यात्रियों को फ्लाइट में देरी या कैंसिलेशन के लिए तैयार रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *