Chhattisgarh, City News, Raipur, State News

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वराज द्वीप में पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर व नेट-ज़ीरो पहल की समीक्षा की

स्वराज द्वीप (हैवलॉक)। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल शुक्रवार को संसदीय स्थायी समिति (प्राक्कलन) के अध्ययन दौरे पर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के स्वराज द्वीप (हैवलॉक) पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पत्तन, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के प्रतिनिधियों, अंडमान-निकोबार प्रशासन और प्रमुख स्टेकहोल्डर्स के साथ बैठक कर देश के पोर्ट नेटवर्क से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर विकास और कनेक्टिविटी की गहन समीक्षा की।

बैठक में सांसद अग्रवाल ने द्वीपों की भौगोलिक चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, सुरक्षित और टिकाऊ पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि द्वीप समूह में पुरानी जेट्टियों के पुनर्निर्माण और पोर्ट विस्तार के लिए केंद्र सरकार द्वारा स्वीकृत ₹620 करोड़ की परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाना चाहिए, ताकि समुद्री संपर्क मजबूत हो, पर्यटन और व्यापार को गति मिले तथा ब्लू इकोनॉमी को नई दिशा मिले।

इसके बाद सांसद अग्रवाल ने पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय और तेल क्षेत्र के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों—विशेषकर ONGC—के प्रतिनिधियों तथा स्थानीय प्रशासन के साथ “पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा नेट ज़ीरो पहल” की समीक्षा की। इस अवसर पर पीएसयू प्रतिनिधियों ने अपने ऑपरेशन्स को डी-कार्बनाइज़ करने के रोडमैप पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

सांसद अग्रवाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के 2070 तक नेट ज़ीरो लक्ष्य की प्राप्ति में ऊर्जा क्षेत्र की भूमिका निर्णायक होगी और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम सतत विकास के आदर्श स्थापित करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों से अंडमान-निकोबार जैसे रणनीतिक द्वीपों में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास होगा, जिससे क्षेत्रीय प्रगति, राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *