मनरेगा का नाम बदलने पर कांग्रेस का विरोध, सड़कों पर उतरने का ऐलान
नई दिल्ली। महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) का नाम बदलकर VB G RAM G किए जाने के फैसले को लेकर कांग्रेस ने कड़ा विरोध जताया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को कांग्रेस वर्किंग कमेटी (CWC) की बैठक के बाद कहा कि पार्टी इस फैसले के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
खड़गे ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “गांधी सरनेम” से दिक्कत है, इसी वजह से मनरेगा का नाम बदला गया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला न केवल राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है, बल्कि ग्रामीण गरीबों के अधिकारों पर भी हमला है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी इस फैसले पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलने का निर्णय कैबिनेट और राज्यों से बिना सलाह किए लिया गया है। राहुल ने आरोप लगाया कि देश में “वन मैन शो” चल रहा है, जहां प्रधानमंत्री जो चाहते हैं वही फैसला लेते हैं। इसका फायदा केवल 2-3 अरबपतियों को मिल रहा है, जबकि नुकसान ग्रामीण इलाकों और गरीब जनता को उठाना पड़ रहा है।
राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा सिर्फ एक योजना नहीं, बल्कि राइट-बेस्ड कॉन्सेप्ट थी, जिसके तहत करोड़ों लोगों को न्यूनतम मजदूरी का अधिकार मिला। मनरेगा को कमजोर या समाप्त करना सीधे तौर पर अधिकार आधारित व्यवस्था पर हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राज्यों से पैसा छीनकर अपने हाथ में ले रही है, जिससे सत्ता और वित्तीय संसाधनों का केंद्रीकरण हो रहा है।
राहुल ने यह भी कहा कि यह फैसला सीधे पीएम हाउस से लिया गया है और इससे संघीय ढांचे को नुकसान पहुंच रहा है। कांग्रेस नेताओं ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में पार्टी इस मुद्दे पर देशव्यापी आंदोलन करेगी।