Entertainment News

‘दृश्यम 3’ से अक्षय खन्ना ने किया किनारा, प्रोड्यूसर ने भेजा लीगल नोटिस; जयदीप अहलावत की एंट्री

मुंबई। फिल्म ‘धुरंधर’ की सफलता के बाद अभिनेता अक्षय खन्ना के ‘दृश्यम 3’ से अचानक बाहर होने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। अक्षय ने फिल्म के मेकर्स के साथ फाइनेंशियल और क्रिएटिव मतभेदों का हवाला देते हुए प्रोजेक्ट छोड़ने का फैसला किया था। हालांकि, अब फिल्म के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने इस दावे को खारिज करते हुए अभिनेता पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कुमार मंगत पाठक ने कहा कि अक्षय की फीस को लेकर कोई विवाद नहीं था। उन्होंने स्पष्ट किया कि अक्षय की फीस पहले ही तय हो चुकी थी और कॉस्ट्यूम डिजाइनर उनके लुक पर काम भी शुरू कर चुके थे। असल विवाद उनके लुक को लेकर था।

प्रोड्यूसर के मुताबिक, अक्षय खन्ना का किरदार ‘दृश्यम 3’ में गंजा दिखाया जाना था, लेकिन ‘धुरंधर’ के रिलीज से पहले अक्षय ने बाल लगाने की इच्छा जताई। उनका तर्क था कि दर्शकों ने धुरंधर में उनके लुक की काफी तारीफ की है। इस पर निर्देशक अभिषेक पाठक ने उन्हें समझाया कि ‘दृश्यम 3’ की कहानी दूसरी फिल्म के ठीक छह घंटे बाद शुरू होती है, इसलिए किरदार में इस तरह का बदलाव संभव नहीं है।

कुमार मंगत पाठक का आरोप है कि अक्षय ने शुरुआत में इस बात को स्वीकार कर लिया था, लेकिन बाद में आसपास के लोगों के कहने पर उन्होंने फैसला बदल लिया। उन्होंने कहा कि ‘धुरंधर’ की रिलीज वाले दिन ही अक्षय ने बिना कोई ठोस वजह बताए मैसेज कर फिल्म छोड़ने की जानकारी दी और इसके बाद उन्होंने फोन कॉल्स का जवाब भी नहीं दिया।

प्रोड्यूसर ने तंज कसते हुए कहा, “कभी-कभी साइड एक्टर को लगता है कि फिल्म उनकी वजह से चली। धुरंधर हिट होते ही लगा कि फिल्म मेरी वजह से चली, जबकि किसी भी फिल्म की सफलता में पूरी टीम का योगदान होता है।” उन्होंने यह भी कहा कि ‘सेक्शन 375’ के बाद अक्षय को ‘दृश्यम 2’ दिलाने में उनकी अहम भूमिका थी और दोनों के बीच अच्छे संबंध थे, लेकिन अचानक मिली सफलता उनके सिर चढ़ गई।

कुमार मंगत पाठक के मुताबिक, अक्षय के अचानक बाहर होने से प्रोडक्शन को भारी नुकसान हुआ। फिल्म की शूटिंग 16 दिसंबर से शुरू हो चुकी थी और सेट तक तोड़ने पड़े। इसी के चलते उन्होंने अक्षय खन्ना को लीगल नोटिस भेजा है और मुआवजे की मांग करेंगे। उन्होंने साफ कहा कि वे भविष्य में अक्षय के साथ कभी काम नहीं करेंगे और कमिटमेंट लेकर प्रोजेक्ट छोड़ना स्वीकार्य नहीं है।

इस बीच, फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार अब ‘दृश्यम 3’ में अक्षय खन्ना की जगह अभिनेता जयदीप अहलावत को कास्ट किया गया है। इस पर प्रोड्यूसर ने कहा कि जयदीप एक बेहतर अभिनेता हैं और किरदार में थोड़ा बदलाव किया गया है।

‘दृश्यम 3’ को लेकर यह विवाद अब इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *