चांदी पांचवें हफ्ते भी चढ़ी, ऑल टाइम हाई पर पहुंची; सोना भी रिकॉर्ड स्तर पर
नई दिल्ली। कीमती धातुओं के बाजार में तेजी का सिलसिला जारी है। चांदी की कीमत में लगातार पांचवें हफ्ते उछाल देखने को मिला है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 19 दिसंबर को एक किलो चांदी की कीमत 2,00,336 रुपए थी, जो एक हफ्ते में 27,771 रुपए बढ़कर 26 दिसंबर को 2,28,107 रुपए प्रति किलो पर पहुंच गई।
इस हफ्ते चांदी ने लगातार चार कारोबारी दिनों में ऑल टाइम हाई बनाया। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को चांदी 9,124 रुपए की बड़ी तेजी के साथ बंद हुई।
इधर, सोने की कीमतों में भी मजबूती बनी रही। 19 दिसंबर को 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 1,31,779 रुपए पर था, जो एक हफ्ते में 6,177 रुपए महंगा होकर 26 दिसंबर को 1,37,956 रुपए पर पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है।
इस साल सोना 61,794 और चांदी 1,42,090 रुपए महंगी
आंकड़ों के मुताबिक, वर्ष 2025 में अब तक सोने और चांदी दोनों में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई है। 31 दिसंबर 2024 को 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 76,162 रुपए थी, जो अब बढ़कर 1,37,956 रुपए हो गई है। यानी इस साल सोना 61,794 रुपए (81.13%) महंगा हुआ है।
वहीं, चांदी की कीमत में और भी तेज उछाल आया है। 31 दिसंबर 2024 को एक किलो चांदी 86,017 रुपए की थी, जो अब 2,28,107 रुपए प्रति किलो हो गई है। इस तरह चांदी इस साल 1,42,090 रुपए (165.18%) महंगी हो चुकी है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक अनिश्चितता, सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग और औद्योगिक उपयोग के चलते कीमती धातुओं में आगे भी उतार-चढ़ाव के साथ मजबूती बने रहने की संभावना है।