कोरबा में 18 अवैध ईंट भट्ठों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, बिजली चोरी पकड़ी गई
कोरबा। कोरबा जिले के हरदीबाजार क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 अवैध ईंट भट्ठों की जांच की। इस दौरान बिजली चोरी का मामला भी सामने आया। कार्रवाई में करीब 9 लाख अवैध ईंटें जब्त कर ग्राम पंचायत के सुपुर्द कर दी गईं।
पाली एसडीएम रोहित कुमार सिंह, तहसीलदार अभिजीत राजभानु और थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को छापामार कार्रवाई की। जांच के दौरान ग्राम सुआभोड़ी में 18 ईंट भट्ठे संचालित पाए गए, जहां अवैध बिजली कनेक्शन भी मिला। मौके पर बिजली विभाग को कनेक्शन काटने के निर्देश दिए गए।
कार्रवाई के दौरान ईंट भट्ठों में परिवहन में इस्तेमाल हो रहे ट्रैक्टर भी जब्त कर पुलिस को सौंपे गए। इसके अलावा हरदीबाजार निवासी राजेश जायसवाल द्वारा जेसीबी से अवैध मिट्टी की खुदाई कराए जाने का मामला भी पकड़ा गया। जेसीबी सहित परिवहन में लगे ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि भट्ठों में अवैध कोयले का उपयोग किया जा रहा था, जिसे जब्त कर लिया गया।
प्रशासन के अनुसार, लंबे समय से अवैध रूप से ईंट भट्ठों का संचालन किया जा रहा था। शिकायत मिलने पर टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जिसमें बिजली चोरी की पुष्टि हुई। मामले की जानकारी तत्काल बिजली विभाग को दी गई और कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।