एशेज: चौथे टेस्ट में इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत, ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराया
मेलबर्न। इंग्लैंड ने एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हराकर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में 18 टेस्ट मैचों से चला आ रहा जीत का सूखा खत्म कर दिया। इससे पहले इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलियाई धरती पर आखिरी टेस्ट जीत 2011 में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (SCG) पर मिली थी।
इसके बाद खेले गए 18 टेस्ट मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने 16 में जीत दर्ज की थी, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे थे। इंग्लैंड का यह बिना जीत का दौर 2013-14 की एशेज सीरीज में 5-0 से हार के बाद शुरू हुआ था, जो अब समाप्त हो गया है।
मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए इस टेस्ट के दूसरे दिन शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के सामने 175 रन का लक्ष्य रखा था। इंग्लिश टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 6 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली।
मैच में गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 152 रन पर ऑलआउट हो गई थी, जबकि इंग्लैंड की पहली पारी 110 रन पर सिमट गई। इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली थी। हालांकि दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम 132 रन पर ऑलआउट हो गई।
दूसरी पारी में शानदार गेंदबाजी के दम पर इंग्लैंड ने मैच में वापसी की और फिर लक्ष्य हासिल कर ऐतिहासिक जीत अपने नाम कर ली। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोश टंग ने मैच में कुल 7 विकेट झटके और उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इस जीत से एशेज सीरीज में इंग्लैंड को नया आत्मविश्वास मिला है, वहीं ऑस्ट्रेलिया को घरेलू मैदान पर करारी निराशा का सामना करना पड़ा है।