ब्रिटेन में मिर्जा शहजाद अकबर पर जानलेवा हमला, चेहरे और जबड़े में गंभीर चोटें
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के विशेष सहायक (SAPM) मिर्जा शहजाद अकबर पर ब्रिटेन के कैम्ब्रिज शहर में उनके घर पर एक बार फिर जानलेवा हमला हुआ है। इस हमले में उनके चेहरे और जबड़े में गंभीर चोटें और फ्रैक्चर हुआ है। फिलहाल उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हमले का आरोप पाकिस्तानी सेना प्रमुख पर
मिर्जा अकबर ने इस हमले के लिए पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर को जिम्मेदार ठहराया है। पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) पार्टी ने बताया कि हमला सुबह के समय हुआ और हमलावर ने अकबर के घर में घुसकर उनके चेहरे पर बार-बार मुक्के मारे।
तीसरी बार हमला, पहले भी हुआ था हमला
मिर्जा अकबर अप्रैल 2022 में पाकिस्तान छोड़कर ब्रिटेन में रह रहे हैं। नवंबर 2023 में उनके घर पर नकाबपोश हमलावर ने तेजाब फेंका था, लेकिन वह बाल-बाल बच गए थे। इसके बाद अप्रैल 2024 में अकबर ने ब्रिटेन की अदालत में पाकिस्तान सरकार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी शुरू की थी।
धमकियां और राजनीतिक दबाव
अकबर का कहना है कि ये हमले इमरान खान से जुड़े अल-कादिर ट्रस्ट मामले से जुड़े हैं। उनका आरोप है कि पाकिस्तान की कुछ ताकतें और सुरक्षा एजेंसियां उन पर दबाव डाल रही थीं कि वे इमरान खान के खिलाफ गवाही दें। जब उन्होंने ऐसा करने से इनकार किया, तो उन्हें लगातार धमकी भरे संदेश मिले और अब हमलों का सामना करना पड़ा।
पाकिस्तान में कानूनी मुश्किलें
पाकिस्तान की अदालत ने सोशल मीडिया पर विवादित बयानों के मामले में अकबर को घोषित अपराधी करार दिया है। इसके बाद पाकिस्तान के गृह मंत्री ने ब्रिटेन के उच्चायुक्त को अकबर के प्रत्यर्पण दस्तावेज सौंपे हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच औपचारिक प्रत्यर्पण संधि नहीं है।
ब्रिटेन में इस हमले ने पाकिस्तानी राजनीतिक शरणार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब जांच कर रही है कि हमलावर कौन था, हमले के पीछे क्या मकसद था और क्या इसका संबंध पिछले तेजाब हमले या किसी राजनीतिक साजिश से है।