BCCI ने महिला क्रिकेटर्स की घरेलू मैच फीस बढ़ाई, पुरुषों के बराबर
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने महिला क्रिकेटर्स की घरेलू मैच फीस में बड़ा सुधार किया है। अब महिला खिलाड़ी घरेलू फर्स्ट क्लास, वनडे और टी-20 मैचों में पुरुष खिलाड़ियों के बराबर मैच फीस पाएंगी।
नई फीस संरचना
- फर्स्ट क्लास क्रिकेट: प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ी प्रतिदिन 50,000 रुपए, बेंच पर रहने वाली खिलाड़ी 25,000 रुपए।
- वनडे मैच: प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ी 50,000 रुपए, स्क्वॉड की अन्य खिलाड़ी 25,000 रुपए।
- टी-20 मैच: प्लेइंग-11 में शामिल खिलाड़ी 25,000 रुपए, बेंच पर रहने वाली खिलाड़ी 12,500 रुपए।
पहले यह राशि टी-20, वनडे और फर्स्ट क्लास में 20,000 रुपए प्लेइंग-11 और 10,000 रुपए बेंच खिलाड़ियों के लिए थी।
जूनियर खिलाड़ियों की फीस भी बढ़ी
- फर्स्ट क्लास/वनडे: प्लेइंग-11 25,000 रुपए, बेंच पर 12,500 रुपए
- टी-20: प्लेइंग-11 12,500 रुपए, बेंच पर 6,250 रुपए
घरेलू सीजन की कमाई दोगुनी
BCCI ने बताया कि पहले सिनियर महिला खिलाड़ी को एक सीजन में लीग स्टेज खेलने पर 2 लाख रुपए मिलते थे। अब 4 वनडे खेलने पर ही यह रकम मिल जाएगी। पूरे सीजन में प्लेयर्स की कमाई 5 से 7 लाख रुपए तक हो सकेगी। मैचों की संख्या बढ़ने पर यह और बढ़ेगी।
अंपायर्स और मैच रेफरी की फीस में भी बढ़ोतरी
महिला क्रिकेट के मैच रेफरी और अंपायर्स की फीस भी बढ़ाई गई है।
- अंपायरिंग (लीग स्टेज): एक दिन के लिए 40,000 रुपए
- नॉकआउट मैच: 50,000 से 60,000 रुपए
- देश के 79 मैच रेफरी की फीस अब अंपायर्स के बराबर रखी गई है।
BCCI का यह फैसला महिला क्रिकेट में समानता और प्रोफेशनल विकास को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।