Chhattisgarh, State News

22 इनामी नक्सलियों ने किया सरेंडर, 1.84 करोड़ का था कुल इनाम

छत्तीसगढ़ के 22 नक्सलियों ने ओडिशा पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। इन नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 84 लाख 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। सरेंडर करने वालों में DVCM और ACM रैंक के वरिष्ठ नक्सली भी शामिल हैं। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सली अपने साथ AK-47, इंसास और SLR जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी लेकर पहुंचे।

पुलिस के अनुसार, ये सभी नक्सली दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के अंतर्गत केरलापाल एरिया कमेटी, जगरगुंडा एरिया कमेटी, प्लाटून-26 और प्लाटून-31 में सक्रिय थे। सरेंडर करने वालों में 1 DVCM, 6 ACM और 15 प्लाटून मेंबर (PM) शामिल हैं।

इन नक्सलियों में से अधिकांश छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि कुछ नक्सली दंतेवाड़ा जिले के भी बताए जा रहे हैं। खास बात यह है कि आत्मसमर्पण करने वालों में 10 महिला नक्सली भी शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों और पुनर्वास नीति के चलते नक्सलियों का मनोबल कमजोर हुआ है, जिसके परिणामस्वरूप बड़े पैमाने पर सरेंडर हो रहे हैं। यह आत्मसमर्पण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना की दिशा में एक बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *