शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव, सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ बंद
हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन मंगलवार, 23 दिसंबर को शेयर बाजार में सीमित दायरे में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। दिनभर करीब 400 अंकों की रेंज में कारोबार करने के बाद सेंसेक्स 43 अंक गिरकर 85,525 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 5 अंक की मामूली बढ़त के साथ 26,177 पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इंफोसिस, टेक महिंद्रा और भारती एयरटेल में 1.5 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। वहीं आईटीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट और टीएमपीवी के शेयर करीब 1 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए।
निफ्टी-50 के 26 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। सेक्टोरल आधार पर आईटी, फार्मा और बैंकिंग सेक्टर में दबाव देखने को मिला। इसके उलट एफएमसीजी, मीडिया और मेटल सेक्टर हरे निशान में बंद हुए।
सोमवार को बाजार में रही थी तेजी
इससे पहले हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार, 22 दिसंबर को शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली थी। उस दिन सेंसेक्स 638 अंक चढ़कर 85,567 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 206 अंक की बढ़त के साथ 26,172 के स्तर पर बंद हुआ था। सोमवार के कारोबार में मेटल और आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखने को मिली थी। इसके अलावा बैंक और फार्मा शेयरों में भी मजबूती रही थी।