छत्तीसगढ़ में आज जारी होगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट, लाखों नाम कटने की संभावना
छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत राज्य निर्वाचन आयोग मंगलवार को ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी करेगा। इस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची से लाखों मतदाताओं के नाम हटाए जा सकते हैं। इसमें अनुपस्थित (एब्सेंट), स्थायी रूप से स्थानांतरित (परमानेंट शिफ्टेड) और मृत (डेड) मतदाताओं के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा, जिन मतदाताओं के नाम पिछली SIR प्रक्रिया में शामिल नहीं हो पाए थे या जिन्होंने बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए थे, उनके नाम भी ड्राफ्ट सूची में अलग से दर्ज किए जाएंगे।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाता https://ceochhattisgarh.nic.in/ लिंक पर जाकर अपना नाम देख सकेंगे। सूची सर्चेबल मोड में होगी, जिसमें EPIC नंबर (वोटर आईडी), जिला, विधानसभा क्षेत्र, वार्ड/गांव और बूथ नंबर के माध्यम से नाम खोजा जा सकेगा। पूरी मतदाता सूची डाउनलोड करने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
निर्वाचन आयोग के अनुसार, 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा और आपत्ति ली जाएंगी। सभी दावों और आपत्तियों के निपटारे के बाद 21 फरवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी। ड्राफ्ट मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (CEO) छत्तीसगढ़ की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी।