Chhattisgarh, State News

कोरबा में भाजपा नेता अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े हत्या, चाकू और कुल्हाड़ी से किया गया हमला

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार सुबह भाजपा के सीनियर नेता अक्षय गर्ग की बेरहमी से हत्या कर दी गई। तीन हमलावर काले रंग की कार से मौके पर पहुंचे और चाकू व कुल्हाड़ी से अक्षय गर्ग पर ताबड़तोड़ हमला कर फरार हो गए। यह वारदात कटघोरा थाना क्षेत्र के केशलपुर गांव की है।

जानकारी के अनुसार, अक्षय गर्ग पूर्व में जनपद सदस्य रह चुके थे और सड़क निर्माण ठेकेदार भी थे। वे वर्तमान में भाजपा में किसी औपचारिक पद पर नहीं थे, लेकिन इलाके में उनकी पहचान एक सीनियर नेता के रूप में थी। केशलपुर गांव में प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही सड़क के निर्माण कार्य की निगरानी के लिए वे सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच मौके पर पहुंचे थे।

इसी दौरान तीन हमलावर एक काले रंग की कार से वहां पहुंचे और अक्षय गर्ग पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने बेहद नजदीक से चाकू और कुल्हाड़ी से लगातार वार किए। सिर, गर्दन, हाथ, पेट, पीठ सहित शरीर के कई हिस्सों में गहरे घाव लगे। गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को कटघोरा अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया है। कोरबा में व्यापारियों और दुकानदारों ने बंद का ऐलान किया है। अस्पताल परिसर और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। स्थानीय लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

वारदात की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश में छापेमारी जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *