अंबिकापुर में एनएच-43 की मरम्मत पर सवाल, सड़क उखड़ने का वीडियो वायरल, सब इंजीनियर निलंबित
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में नेशनल हाईवे-43 पर चल रहे सड़क मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे बीटी पैच रिपेयरिंग कार्य के दौरान 600 मीटर सड़क की मरम्मत की गई थी, जिसमें से करीब 7 मीटर हिस्सा अगले ही दिन उखड़ गया। उखड़ी सड़क का मटेरियल निगम कर्मियों द्वारा कचरा गाड़ी में भरकर ले जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुख्य अभियंता ने गुणवत्ताहीन कार्य के लिए जिम्मेदार सब इंजीनियर नवीन सिन्हा को निलंबित कर दिया है। उनका मुख्यालय अधीक्षण अभियंता कार्यालय, बिलासपुर निर्धारित किया गया है।
नेशनल हाईवे अधिकारियों के अनुसार, अंबिकापुर का सदर रोड अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जिसके कारण दिन में मरम्मत कार्य करना संभव नहीं होता। शनिवार रात मरम्मत के दौरान रोलर में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे काम रुक गया। जब तक खराबी दूर हुई, तब तक बीटी मटेरियल ठंडा हो चुका था और लगभग 7 मीटर सड़क की सही तरीके से कम्पेक्शन नहीं हो पाई। इसी कारण उस हिस्से को उखाड़कर दोबारा निर्माण कराने के निर्देश दिए गए थे। अधिकारियों का दावा है कि सड़क को दोबारा ठीक कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, शनिवार देर रात किए गए मरम्मत कार्य के बाद सुबह तक सड़क उखड़ने पर स्थानीय लोगों ने घटिया निर्माण का आरोप लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिससे विभाग की किरकिरी हुई।
इस मामले को लेकर नेशनल हाईवे के बिलासपुर अधीक्षण अभियंता ने जांच प्रतिवेदन और फोटो रायपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता को भेजे थे, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
नेशनल हाईवे-43 अंबिकापुर शहर से होकर गुजरता है। बारिश के दौरान इस मार्ग की बदहाल स्थिति के कई वीडियो पहले भी वायरल हो चुके हैं। लुचकी घाट से सिलफिली तक सड़क की हालत खराब बताई जाती है। इसी को देखते हुए बीटी पैच रिपेयरिंग के लिए 6 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई थी।
नेशनल हाईवे के एसडीओ निखिल लकड़ा ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण कुछ हिस्सों में सड़क जम नहीं पाई थी, जिसे हटाकर दोबारा बनाया गया है। वहीं सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत ने कहा कि अधिकारियों को सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।