भिलाई स्टील प्लांट मुद्दे पर सियासत तेज: विधायक देवेंद्र यादव के सत्याग्रह पर बीजेपी ने साधा निशाना
भिलाई। भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव द्वारा भिलाई स्टील प्लांट (बीएसपी) में रिटेंशन स्कीम, निजीकरण सहित अन्य मांगों को लेकर किए जा रहे सत्याग्रह को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी ने इस आंदोलन को जनता से जुड़ा नहीं, बल्कि दिखावटी करार देते हुए कहा है कि विधायक झूठी वाहवाही लूटने के लिए अनशन और सत्याग्रह कर रहे हैं।
बीजेपी भिलाई के प्रवक्ता विजय सिंह ने आरोप लगाया कि देवेंद्र यादव का सत्याग्रह पूरी तरह नौटंकी है। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले ही विधायक देवेंद्र यादव ने बीएसपी प्रबंधन के साथ बैठक कर सार्वजनिक रूप से यह कहा था कि उनकी प्रबंधन से सार्थक चर्चा हुई है। इसके बावजूद अब धरने पर बैठना समझ से परे है।
बीजेपी प्रवक्ता ने कहा कि दुर्ग सांसद विजय बघेल और पूर्व मंत्री प्रेम प्रकाश पांडेय पहले ही बीएसपी प्रबंधन से गंभीर चर्चा कर चुके हैं। प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि 10 दिनों के भीतर कर्मचारियों और स्थानीय लोगों से जुड़े मुद्दों पर ठोस नतीजे सामने लाए जाएं। बीजेपी के जनप्रतिनिधि लगातार इस विषय पर प्रबंधन के संपर्क में हैं।
विजय सिंह ने आरोप लगाया कि देवेंद्र यादव इस 10 दिन के इंतजार को भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें डर है कि अगर समाधान निकल आया तो उसका श्रेय बीजेपी नेताओं को मिल जाएगा। इसी वजह से वे अनशन कर झूठा श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरी ओर, विधायक देवेंद्र यादव ने बीएसपी प्रबंधन के नए फैसलों को तुगलकी फरमान करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीएसपी बजट में कटौती कर कर्मियों, ठेका श्रमिकों, सेवानिवृत्त और पूर्व कर्मचारियों को मिलने वाली शिक्षा, चिकित्सा और आवास जैसी अनिवार्य सुविधाओं में कटौती कर रही है। साथ ही लीज और रिटेंशन स्कीम के तहत आवंटित आवासों की शर्तों में बदलाव कर किराए की दरों में मनमानी बढ़ोतरी की जा रही है और आवास खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है। देवेंद्र यादव ने बीएसपी पर निजीकरण की दिशा में आगे बढ़ने का भी आरोप लगाया है।
विधायक देवेंद्र यादव 20 दिसंबर से सत्याग्रह पर बैठे हैं। उन्होंने इन मांगों को लेकर दो दिनों का सत्याग्रह अनशन किया था, लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने पर रविवार को इसे अनिश्चितकालीन सत्याग्रह में बदल दिया। देवेंद्र यादव खुले टेंट में रात बिता रहे हैं और उनका कहना है कि जब तक बीएसपी प्रबंधन उनसे आकर सभी मुद्दों पर बातचीत नहीं करता, तब तक उनका अनशन जारी रहेगा। रविवार को उनकी मां भी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचीं और बेटे को आशीर्वाद दिया।
रविवार को पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू भी सत्याग्रह स्थल पर देवेंद्र यादव से मिलने पहुंचे। इसके अलावा बीएसपी की पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन इंटक के महासचिव एवं एनजेसीएस सदस्य वंश बहादुर सिंह और पूर्व मान्यता प्राप्त यूनियन सीटू के उपाध्यक्ष डीवीएस रेड्डी ने भी समर्थन दिया। पूर्व विधायक अरुण वोरा, महापौर नीरज पाल, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल, आरएन वर्मा और लालचंद वर्मा भी सत्याग्रह स्थल पर पहुंचे। देवेंद्र यादव की ओर से दावा किया गया है कि अब तक उन्हें 10 हजार से अधिक लोगों का जनसमर्थन मिल चुका है।