पब्लिक इवेंट में सामंथा के साथ धक्का-मुक्की, कार तक पहुंचने में करनी पड़ी मशक्कत
हैदराबाद। एक बार फिर किसी पब्लिक इवेंट में सेलेब्रिटी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। कुछ समय पहले द राजा साब की एक्ट्रेस निधि अग्रवाल के साथ लॉन्च इवेंट में धक्का-मुक्की की घटना सामने आई थी, और अब इसी तरह की स्थिति का सामना एक्ट्रेस सामंथा रुथप्रभू को करना पड़ा है। हैदराबाद में आयोजित एक इवेंट के दौरान भीड़ ने सामंथा को घेर लिया, जिससे उन्हें सुरक्षित तरीके से अपनी कार तक पहुंचने में काफी संघर्ष करना पड़ा।
रविवार को सामंथा हैदराबाद में एक साड़ी शोरूम के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुई थीं। इवेंट में उनकी एक झलक पाने के लिए भारी संख्या में फैंस जुट गए। देखते ही देखते कई लोग उनके बेहद करीब पहुंच गए। हालात इतने बिगड़ गए कि एक्ट्रेस के बॉडीगार्ड्स को घेरा बनाकर उन्हें भीड़ से बचाना पड़ा।
इस दौरान धक्का-मुक्की में सामंथा कई बार लड़खड़ा गईं और उनकी साड़ी खिंचने की स्थिति भी बन गई। सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह हालात संभाले और एक्ट्रेस को सुरक्षित रूप से कार तक पहुंचाया।
इवेंट के बाद सामंथा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर तस्वीरें साझा करते हुए एक क्रिप्टिक पोस्ट भी किया। उन्होंने लिखा,
“एक्शन से भरपूर शूटिंग शेड्यूल के बाद, चोटें, खून और दर्द झेलने के बावजूद, हमने हालात को देखते हुए खुद को हैरानी से काफी अच्छे तरीके से संभाल लिया।”
हालांकि सामंथा ने सीधे तौर पर इवेंट में हुई धक्का-मुक्की का जिक्र नहीं किया, लेकिन उनके पोस्ट को उसी घटना से जोड़कर देखा जा रहा है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों में सेलेब्रिटीज की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।