टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड का ऐलान: उपकप्तान शुभमन गिल बाहर, यशस्वी जायसवाल को भी नहीं मिली जगह
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 15 खिलाड़ियों का स्क्वॉड जारी कर दिया है। चयन समिति के फैसले ने सभी को चौंका दिया है। टीम के उपकप्तान शुभमन गिल को आईसीसी टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है। उनकी जगह विकेटकीपर संजू सैमसन ओपनिंग करते नजर आएंगे। हालांकि बैकअप ओपनर के रूप में यशस्वी जायसवाल को भी टीम में जगह नहीं मिली है।
यशस्वी जायसवाल की जगह सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर ईशान किशन को मौका दिया गया है। ईशान किशन ने 500 से ज्यादा रन बनाते हुए अपनी कप्तानी में झारखंड को चैंपियन बनाया था। उनके चयन के चलते विकेटकीपर जितेश शर्मा को टीम से बाहर होना पड़ा। वहीं रिंकू सिंह को स्क्वॉड में शामिल किया गया है।
यशस्वी जायसवाल ने अगस्त 2023 में भारत के लिए टी-20 डेब्यू किया था। अपने दूसरे ही मैच में उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 84 रन बनाए और छठे मैच में शतक जड़ दिया। ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्हें लगातार मौके मिले, जिसमें उन्होंने चार अर्धशतक भी लगाए। लगातार टी-20 सीरीज खेलने के बाद उन्हें 2024 के टी-20 वर्ल्ड कप स्क्वॉड में शामिल किया गया, लेकिन रोहित शर्मा और विराट कोहली की मौजूदगी के कारण उन्हें न तो ओपनिंग मिली और न ही प्लेइंग-11 में जगह।
वर्ल्ड कप जीतने के बाद रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टी-20 से संन्यास ले लिया था। इसके बाद उम्मीद की जा रही थी कि यशस्वी जायसवाल टी-20 टीम के स्थायी ओपनर बनेंगे, लेकिन पिछले 18 महीनों में उन्हें केवल तीन टी-20 मुकाबले खेलने का मौका मिला।
यशस्वी जायसवाल ने भारत के लिए आखिरी टी-20 मुकाबला 30 जुलाई 2024 को श्रीलंका दौरे पर खेला था। उस सीरीज में उन्होंने शुभमन गिल के साथ ओपनिंग करते हुए तीन मैचों में कुल 80 रन बनाए थे। टीम से बाहर रहने के बावजूद उन्होंने आईपीएल और सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल के पिछले तीन सीजन में उन्होंने 1500 से ज्यादा रन बनाए, दो शतक लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 160 से ऊपर रहा। हाल ही में खत्म हुई सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने हरियाणा के खिलाफ महज 49 गेंदों में शतक जड़ा था, जिससे टी-20 टीम में उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही थी।
टी-20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद शुभमन गिल को भारतीय टी-20 टीम का उपकप्तान बनाया गया था। 2025 में उन्हें टेस्ट और वनडे टीम की स्थायी कप्तानी भी सौंपी गई। टीम मैनेजमेंट गिल को तीनों फॉर्मेट में स्थापित करना चाहता था, लेकिन अगस्त 2024 से अगस्त 2025 के बीच उन्होंने एक भी टी-20 मैच नहीं खेला।
गिल और यशस्वी की गैरमौजूदगी में संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग की और दोनों ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया। सैमसन ने तीन और अभिषेक शर्मा ने दो शतक लगाए। लंबे समय तक टीम से बाहर रहने के बावजूद मैनेजमेंट ने शुभमन गिल को एशिया कप के लिए टीम में शामिल किया था। उस समय चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर ने कहा था कि शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल अन्य फॉर्मेट में व्यस्त थे, इसलिए संजू सैमसन को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी गई थी।