Climate News, National News

8 राज्यों में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा, सड़क–रेल–हवाई यातायात प्रभावित

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश समेत देश के 8 राज्यों में शनिवार सुबह भीषण ठंड के साथ घना कोहरा छाया रहा। कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। राजस्थान के सीकर जिले के फतेहपुर और सिरोही के माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मध्य प्रदेश के करीब 20 जिले घने कोहरे की चपेट में रहे। इसका असर रेल यातायात पर भी पड़ा, जिससे दिल्ली से भोपाल और इंदौर आने वाली कई ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर कोहरे के कारण शनिवार को 129 फ्लाइट्स रद्द कर दी गईं।

उत्तर प्रदेश के 50 जिलों में घना कोहरा छाया रहा। सुबह 9 बजे तक सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और कई जगहों पर 10 मीटर दूर तक भी कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। संभल जिले में घने कोहरे के कारण ट्रक और बाइक की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। मौसम की गंभीरता को देखते हुए यूपी के 8 जिलों में 19 और 20 दिसंबर को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

बिहार में भी ठंड का प्रकोप जारी है। राज्य के 24 जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात बने हुए हैं। पिछले दो दिनों से कई इलाकों में धूप नहीं निकली है। सारण, दरभंगा और मुंगेर में स्कूल बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। अररिया जिले में घने कोहरे के कारण तेज रफ्तार कार और बाइक की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और कहा है कि अगले कुछ दिनों तक कोहरे और ठंड से राहत मिलने की संभावना कम है। प्रशासन ने भी वाहन चालकों से सावधानी बरतने और जरूरत पड़ने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *