Sports News

भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया, टी-20 सीरीज 3-1 से जीती

अहमदाबाद। भारत ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराकर सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। चौथा टी-20 मुकाबला कोहरे के कारण रद्द हो गया था। शुक्रवार को मिली इस जीत के साथ टीम इंडिया ने लगातार आठवीं टी-20 सीरीज जीतने का रिकॉर्ड भी कायम किया।

भारत को आखिरी बार टी-20 सीरीज में हार अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली थी। इसके बाद से टीम का जीत का सिलसिला जारी है।

अहमदाबाद में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 232 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 201 रन ही बना सकी।

मैच में हार्दिक पंड्या ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक जड़ा, जो भारत की ओर से दूसरी सबसे तेज टी-20 फिफ्टी है। वहीं अभिषेक शर्मा भी ऐतिहासिक उपलब्धि के बेहद करीब रहे। वे एक कैलेंडर वर्ष में सबसे ज्यादा टी-20 रन बनाने के विराट कोहली के रिकॉर्ड से महज 13 रन दूर रह गए।

इस जीत के साथ ही भारत ने सीरीज पर कब्जा जमाते हुए एक बार फिर टी-20 क्रिकेट में अपनी मजबूत दावेदारी साबित कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *